Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पलवल वालों की बल्ले-बल्ले, 28 करोड़ रुपये से होंगे विकास कार्य; राज्य मंत्री गौरव गौतम ने किया शिलान्यास

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 02:36 PM (IST)

    खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल के थंथरी गांव में लगभग 28 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने ...और पढ़ें

    थंथरी में 28 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन। जागरण

    थंथरी में 28 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन। जागरण

    HighLights

    1. मंत्री गौरव गौतम ने 28 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन किया।

    2. गांवों के समग्र विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य पर जोर।

    3. नशामुक्त हरियाणा, खेलयुक्त हरियाणा के संकल्प को दोहराया।

    जागरण संवाददाता, पलवल। हरियाणा सरकार में खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को करीब 28 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।

    पलवल जिले के खादर क्षेत्र के गांव थंथरी स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में आयोजित समारोह में मंत्री गौरव गौतम ने ग्राम पंचायत थंथरी के लिए इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया है।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और खादर क्षेत्र को विकास की नई पहचान दिलाई जाएगी।

    शिलान्यास एवं उद्घाटन किया

    खेल राज्य मंत्री ने गांव थंथरी में स्वागत द्वार, विभिन्न संपर्क मार्गों का निर्माण, स्कूल में इन्वर्टर एवं बैटरी, सीसीटीवी कैमरे, समरसीबल हैंडपंप, नॉलेज सेंटर, खेल सामग्री, 150 स्ट्रीट लाइट, जनरल एवं हरिजन चौपाल, मोक्षधाम गेट, कुओं का सौंदर्यीकरण, जलापूर्ति व्यवस्था, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा ट्यूबवेल एवं बूस्टर, नालियों एवं रैंप निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।

    इसी प्रकार गांव की फिरनी, विभिन्न संपर्क मार्गों, खेल नर्सरी, ई-लाइब्रेरी, जलापूर्ति व्यवस्था, जोहड़ विकास तथा श्मशान घाट तक रास्तों सहित अनेक विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

    एकता ही गांवों की सबसे बड़ी ताकत

    वहीं, सभा को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार समाज में भाइचारे और सौहार्द को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी विवाद गांव में ही आपसी सहमति से सुलझाने की अपील करते हुए कहा कि सामाजिक एकता ही गांवों की सबसे बड़ी ताकत है।

    उन्होंने युवाओं से विशेष आग्रह किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर खेलों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि नशामुक्त हरियाणा, खेलयुक्त हरियाणा प्रदेश सरकार का संकल्प है। यदि बच्चे खेलों से जुड़ेंगे तो उनका भविष्य सुरक्षित होगा और वे नशे जैसी कुरीतियों से भी दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।

    खबरें और भी

    तेजी से कार्य हो रहा

    गौरव गौतम ने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान खादर क्षेत्र को नई पहचान दिलाने का जो संकल्प लिया था, उस दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। प्रदेश सरकार खादर क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए विशेष योजना तैयार कर रही है, जिससे भविष्य में यह क्षेत्र विकास और निवेश का प्रमुख केंद्र बनेगा।

    उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र की प्रत्येक आवश्यक मूलभूत सुविधा को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार गांव, किसान, गरीब और मध्यम वर्ग के हितों के प्रति पूरी तरह समर्पित है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में खादर क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- सोनीपत वालों को बड़ी राहत, KMP एक्सप्रेसवे से IMT खरखौदा तक बन रही फोरलेन सड़क; दिल्ली मार्ग पर घटेगा जाम

    खेल राज्य मंत्री ने ग्राम पंचायतों द्वारा सौंपे गए मांगपत्र पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि बिजली के खंभे, सड़कें, चौपाल, ओपन जिम, आंगनवाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन सहित अन्य आवश्यक कार्यों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, हरेंद्रपाल राणा आदि उपस्थित रहे।