यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
AAP का 'मिशन हरियाणा': प्रदेश की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी पार्टी, दो लाख नए पदाधिकारी बनेंगे
दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का पूरा फोकस इस समय हरियाणा पर है। आम आदमी पार्टी हरियाणा के चुनावों को गंभीरता से रही ...और पढ़ें

HighLights
- हरियाणा के आप नेताओं के साथ अरविंद केजरीवाल ने बनाई भविष्य की रणनीति
- चार हजार सर्किल स्तर के पदाधिकारियों के बाद अब गांव व बूथ स्तर पर खड़ा होगा संगठन
- जारी रहेगा बिजली आंदोलन, परिवार जोड़ो अभियान को गति देंगे प्रदेश स्तरीय नेता
चंडीगढ़, राज्य ब्यूरो। AAP Haryana Mission आम आदमी पार्टी हरियाणा में सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की टीम को तैयारी करने में जुट जाने को कहा है। लोकसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति राष्ट्रीय स्तर पर तय होगी।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी ने प्रदेश के प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए पार्टी के तमाम कार्यकर्ता दिल्ली व पंजाब सरकार की उपलब्धियों का थैला लेकर हरियाणा के लोगों के घर जाएंगे, ताकि उन्हें बताया जा सके कि उनके पड़ोसी राज्यों में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की सरकारें जनहित के कितने काम कर रही हैं।
केजरीवाल ने की हरियाणा के AAP नेताओं के साथ बैठक
हरियाणा के प्रमुख पार्टी नेताओं ने सोमवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के साथ कई घंटों तक चर्चा की। संगठन महामंत्री डॉ. संदीप पाठक भी पूरे समय इस चर्चा में शामिल हुए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हाल ही में भिवानी आए थे और पार्टी के सर्किल स्तर तक करीब चार हजार पदाधिकारियों को दायित्व ग्रहण कराकर गए थे। अब केजरीवाल हरियाणा तब आएंगे, जब गांव व बूथ स्तर पर संगठन बनाने का काम पूरा हो जाएगा।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में AAP ने किया संगठन का विस्तार, प्रदेश में 304 ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा की; यहां देखें पूरी लिस्ट
पांच गांवों को मिलाकर पार्टी ने एक सर्किल बनाया है। छोटे गांवों में 11 और बड़े गांवों में 21 पदाधिकारियों की टीम तैयार की जाएगी। वार्ड में भी यही व्यवस्था रहेगी। बूथ स्तर पर 10 पदाधिकारियों की टीम तैयार की जाएगी। कुल मिलाकर करीब दो लाख नए पदाधिकारी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
खबरें और भी
फ्री बिजली को मुद्दा बनाएगी AAP
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता और प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने पार्टी अध्यक्ष को राज्य में चले बिजली आंदोलन की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि लोग दिल्ली व पंजाब की तरह हरियाणा में भी मुफ्त बिजली चाहते हैं। राज्य के लोग मौजूदा सरकार के कार्यकाल में आ रहे भारी बिलों तथा अनियमित बिजली आपूर्ति से काफी परेशान हैं। प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर और उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा ने संगठन विस्तार को लेकर चर्चा की।
प्रदेश में परिवार जोड़ो अभियान को लेकर अरविंद केजरीवाल ने राज्य की टीम को कार्ययोजना से अवगत कराया। परिवार जोड़ो अभियान के तहत पार्टी के कार्यकर्ता लोगों को अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे और उन्हें समझाएंगे कि केजरीवाल हरियाणा में क्यों जरूरी है। प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने अरविंद केजरीवाल को भरोसा दिलाया गया कि अक्टूबर मध्य तक पार्टी के संगठन बनाने का काम पूरा हो जाएगा।
राज्यसभा सदस्य डा. संदीप पाठक ने कहा कि चुनाव में सिर्फ 13 माह का समय रह गया है। इसलिए कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी तैयारी में जुट जाना चाहिए। डा. सुशील गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल से हरियाणा में आने के लिए समय मांगा, जिस पर उन्होंने कहा कि वे गांव व बूथ स्तर के पदाधिकारियों को दायित्व ग्रहण कराने आएंगे। बैठक में पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल, जयपाल शर्मा, पूर्व मंत्री बलबीर सैनी और पूर्व विधायक समेत कई प्रदेश पदाधिकारी शामिल रहे।