विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में शिक्षा, रिसर्च और कौशल विकास को बढ़ावा, ऑस्ट्रेलिया करेगा सहयोग; CM नायब सैनी ने हाई कमिश्नर संग की बैठक 

Published: Wed, 09 Sep 2026 07:17 PM (IST)

हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया ने शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, कृषि, हरित ऊर्जा, खेल और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है।

हरियाणा में ऑस्ट्रेलिया करेगा निवेश। फोटो जागरण

हरियाणा में ऑस्ट्रेलिया करेगा निवेश। फोटो जागरण

HighLights

  1. शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान में सहयोग बढ़ेगा।

  2. हरित ऊर्जा, कृषि, खेल में निवेश पर जोर।

  3. युवाओं को वैश्विक अवसर, बिजनेस-टू-बिजनेस सहयोग।

राज्य ब्यूराे, चंडीगढ़। हरियाणा में आस्ट्रेलिया शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, कृषि, हरित ऊर्जा, खेल और पर्यटन में सहयोग बढ़ाने के साथ ही निवेश भी बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ बुधवार को आस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन की बैठक में इस पर सहमति बनी। युवाओं को वैश्विक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और आस्ट्रेलिया के बीच व्यापार, शिक्षा, तकनीक, इनोवेशन, स्किल डेवलपमेंट और लोगों के बीच संपर्क लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में हरियाणा के लिए आस्ट्रेलिया के साथ राज्य स्तर पर सहयोग को और मजबूत करने की व्यापक संभावनाएं हैं। मजबूत होते संबंधों का लाभ हरियाणा के युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों, उद्यमियों और उद्योगों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

दोनों पक्षों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस सहयोग को मजबूत करने पर जोर

शिक्षा, स्किल, रिसर्च, इनोवेशन और नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग से हरियाणा के विकास को नई गति दी जा सकती है। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, उप प्रधान सचिव अजय कुमार, विदेश सहयोग विभाग में मुख्यमंत्री के सलाहकार डा. पवन चौधरी ने दोनों पक्षों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस सहयोग को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, कृषि, इंजीनियरिंग, क्लीन एनर्जी और पब्लिक पालिसी जैसे क्षेत्रों में संयुक्त रिसर्च, स्टूडेंट और फैकल्टी एक्सचेंज तथा संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

आस्ट्रेलिया के विश्वविद्यालयों और रिसर्च संस्थानों की विशेषज्ञता का लाभ लेकर हरियाणा में इनोवेशन, रिसर्च और इंडस्ट्री-एकेडमिया पार्टनरशिप को और मजबूत किया जा सकता है। इस दौरान हरियाणा में सेंटर आफ एक्सीलेंस, रिसर्च एवं इनोवेशन हब तथा नई तकनीकों से जुड़े प्रशिक्षण केंद्र विकसित करने में आस्ट्रेलिया के सहयोग की संभावनाओं पर भी मंथन हुआ।

सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार

आस्ट्रेलिया के तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा संस्थानों तथा हरियाणा के आइटीआइ, पालिटेक्निक और स्किल यूनिवर्सिटीज के बीच सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

दोनों पक्षों ने उद्योग की जरूरतों के अनुरूप स्किल ट्रेनिंग, आधुनिक पाठ्यक्रम, अंग्रेजी भाषा प्रशिक्षण, प्रमाणन और रोजगार के लिए आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। हरियाणा के युवाओं के लिए आस्ट्रेलिया में हेल्थकेयर, कंस्ट्रक्शन, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, हास्पिटैलिटी, लाजिस्टिक्स और आइटी जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों के अनुरूप प्रशिक्षण की योजना है।

बैठक में स्पोर्ट्स साइंस, हाई परफार्मेंस ट्रेनिंग, एथलीट डेवलपमेंट और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा हुई। क्रिकेट, हाकी, कुश्ती और बाक्सिंग सहित विभिन्न खेलों में आास्ट्रेलिया की विशेषज्ञता का लाभ हरियाणा के खिलाड़ियों को उपलब्ध करवाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। टूरिज्म और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।

कृषि क्षेत्र में तकनीकी सहयोग की संभावनाएं

बैठक में प्रिसिजन एग्रीकल्चर, पानी की बचत वाली खेती, क्लाइमेट रेजिलिएंट एग्रीकल्चर, मिट्टी की सेहत, फार्म मैकेनाइजेशन, डेयरी टेक्नोलाजी, फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड चेन और एग्री इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित किया गया।

ग्रीन हाइड्रोजन, सोलर एनर्जी, बैटरी स्टोरेज, रिन्यूएबल एनर्जी, वेस्ट-टू-एनर्जी और सर्कुलर इकोनामी जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। आटोमोबाइल, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, एग्रीटेक, टेक्नोलाजी, लाजिस्टिक्स और इंडस्ट्री 4.0 जैसे क्षेत्रों में आस्ट्रेलियाई निवेश बढ़ाया जाएगा।