टटीरी गाना विवाद! सिंगर बादशाह पंचकूला पुलिस की जांच में शामिल; एक घंटे पूछताछ, सर्कुलर नोटिस वापस
मशहूर सिंगर बादशाह 'टटीरी' गाने को लेकर विवादों में घिरे होने के बाद पंचकूला पुलिस के सामने पेश हुए। पुलिस ...और पढ़ें

टटीरी गाने के विवाद में सिंगर बादशाह पुलिस जांच में शामिल।
HighLights
पंचकूला पुलिस ने बयान दर्ज किए।
जमानती धाराओं के चलते जमानत मिली।
दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। ‘टटीरी’ गाने को लेकर विवादों में घिरे मशहूर सिंगर बादशाह शनिवार देर रात पंचकूला पुलिस की जांच में शामिल हुए। पुलिस ने उनसे करीब एक घंटे तक पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। पूछताछ के बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।
पंचकूला साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर के अनुसार, सिंगर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 सहित महिलाओं की लज्जा भंग करने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सभी धाराएं जमानती होने के चलते गिरफ्तारी नहीं की गई। जांच में शामिल होने के बाद उनके खिलाफ जारी लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) भी वापस ले लिया गया है।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि आयोग चाहता था कि सिंगर जांच में सहयोग करें। नोटिस मिलने के बाद यदि वे पहले ही पेश हो जाते तो यह स्थिति नहीं बनती। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने पुष्टि की कि सिंगर ने पंचकूला पुलिस के समक्ष पेश होकर अपने बयान दर्ज कराए हैं।
उल्लेखनीय है कि टटीरी गाना एक मार्च को रिलीज हुआ था, जिसके लिरिक्स और वीडियो में दिखाए गए दृश्यों को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने पर पंचकूला पुलिस ने गाने को यूट्यूब से हटवा दिया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर सिंगर को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
