विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 12, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भाजपा हाईकमान ने गोयल, उमा भारती और कैलाश को हरियाणा दौरा तय किया

By Kamlesh BhattEdited By:
Updated: Wed, 12 Apr 2017 10:47 AM (IST)

भाजपा हाईकमान ने हरियाणा में बागियों से निपटने के लिए तीन केंद्रीय नेताओं को हरियाणा दौरे की ड्यूटी लगाई है। ये नेता कल रोहतक, हिसार और सिरसा लोकसभा क्षेत्रों में बैठक करेंगे।

भाजपा हाईकमान ने गोयल, उमा भारती और कैलाश को हरियाणा दौरा तय किया
भाजपा हाईकमान ने गोयल, उमा भारती और कैलाश को हरियाणा दौरा तय किया

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के बागी विधायकों की कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात स्थगित हो जाने के बाद अब भाजपा हाईकमान ने तीन केंद्रीय नेताओं के प्रदेश में दौरे तय कर दिए हैैं। वर्ष 2014 के आम चुनाव में हारी 120 लोकसभा सीटों पर कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने की कड़ी में भाजपा के केंद्रीय नेता हरियाणा की रोहतक, सिरसा और हिसार लोकसभा सीटों का दौरा करेंगे। बता दें कि रोहतक में कांग्रेस से दीपेंद्र सिंह हुड्डा, हिसार में इनेलो से दुष्यंत चौटाला और सिरसा में इनेलो से ही चरणजीत सिंह रोड़ी सांसद हैैं।

भाजपा हाईकमान ने रोहतक लोकसभा सीट के लिए केंद्रीय बिजली मंत्री पीयूष गोयल, हिसार लोकसभा सीट के लिए केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती और सिरसा संसदीय क्षेत्र के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को जिम्मेदारी सौंपी है। तीनों भाजपा नेता 13 अप्रैल को एक साथ इन तीनों सीटों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। कैलाश विजयवर्गीय सिरसा लोकसभा क्षेत्र के प्रमुख जिले फतेहाबाद में बैठक लेंगे।

भाजपा मीडिया विभाग के चेयरमैन राजीव जैन ने केंद्रीय नेताओं के हरियाणा दौरे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इन लोकसभा क्षेत्रों में शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार की उपलब्धियों, जीएसटी से होने वाले फायदे और भीम एप की उपयोगिता से अवगत कराया जाएगा।

राजीव जैन के अनुसार केंद्रीय नेता अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में बुद्धिजीवी वर्ग के साथ बैठक करेंगे। बैठक के बाद प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में संबंधित मंत्री तथा संगठन पदाधिकारी मीडिया से रूबरू होकर केंद्र सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने माना कि यह जागरूकता अभियान वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी की रणनीति का हिस्सा है।

यह भी पढ़ें: हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल जारी, भटक रहे यात्री