विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana News: बीजेपी सरकार को बर्खास्त करने के लिए दबाव बनाएंगे कांग्रेस विधायक, राज्यपाल से करेंगे राष्ट्रपति शासन की मांग

Updated: Sun, 09 Jun 2024 10:04 PM (IST)

हरियाणा में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) में कांग्रेस को पांच सीटें मिलने के बाद विधायक दल के नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupendra ...और पढ़ें

बीजेपी सरकार को बर्खास्त करने के लिए दबाव बनाएंगे कांग्रेस विधायक (फाइल फोटो)।
बीजेपी सरकार को बर्खास्त करने के लिए दबाव बनाएंगे कांग्रेस विधायक (फाइल फोटो)।

HighLights

  1. कांग्रेस विधायक दल की बैठक में बनेगी रणनीति
  2. राज्यपाल से राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग करेगा कांग्रेस विधायक दल

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा की पांच लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा खासे उत्साहित हैं। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई है।

इस बैठक में विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने के साथ-साथ प्रदेश की अल्पमत में चल रही भाजपा सरकार को बर्खास्त करने का दबाव बनाया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस विधायक जल्दी ही राज्यपाल से मिलने का समय मांग सकते हैं। समय नहीं मिलने की स्थिति में जिला मुख्यालयों पर आंदोलन संभव है।

सोमवार को होगी कांग्रेस विधायक दल की बैठक

कांग्रेस विधायक दल की बैठक सोमवार को दोपहर बाद तीन बजे चंडीगढ़ में होगी, जिसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान भी शामिल होंगे। दिल्ली में चूंकि राजनीतिक गतिविधियां चल रही हैं, इसलिए कांग्रेस के सांसदों के विधायक दल की बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है। बैठक में हरियाणा की अल्पमत में चल रही सरकार को लेकर चर्चा होगी।

हालांकि, विधायकों के संख्या बल के हिसाब से भाजपा का दावा है कि उनकी सरकार अल्पमत में नहीं है, लेकिन कांग्रेस इस दावे को उचित नहीं मानती। पिछले दिनों भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा था कि सिर्फ मौखिक दावा करने से कुछ नहीं होता। कांग्रेस विधायकों को अपने सभी विधायकों और जेजेपी के विधायकों के हस्ताक्षर कर राज्यपाल को सौंपने चाहिए। उसके बाद राज्यपाल प्रदेश हित में कोई भी फैसला लेंगे।

ये भी पढ़ें:

बीजेपी सरकार पूरी तरह से अल्पमत- चौधरी आफताब अहमद

कांग्रेस विधायक दल के उप नेता चौधरी आफताब अहमद ने दावा किया कि भाजपा सरकार पूरी तरह से अल्पमत में है। उसके पास स्वयं के विधायक भी पूरे नहीं हैं। जिन जेजेपी विधायकों के भाजपा अपने साथ होने का दावा कर रही है, वे अभी अपनी पुरानी पार्टी में ही हैं।

अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से अल्पमत में है। राज्यपाल से मिलकर कांग्रेस के विधायक इस सरकार को बर्खास्त करने, राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने तथा राष्ट्रपति शासन में ही राज्य में नये सिरे से विधानसभा चुनाव कराने की मांग करेंगे।

स्पीकर का दावा, भाजपा सरकार अल्पमत में नहीं

हरियाणा विधानसभा के स्पीकर डॉ. ज्ञानचंद गुप्ता ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार के अल्पमत में होने के कांग्रेस के दावे को सिरे से खारिज किया है। स्पीकर ने कहा कि भाजपा सरकार अल्पमत में नहीं है। मुख्यमंत्री नायब सैनी की सरकार के पास पूर्ण बहुमत है। उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा कि कांग्रेस के पास पता नहीं कैसा आंकड़ा है।

अगर कांग्रेस को लगता है कि सरकार अल्पमत में है तो वह राज्यपाल से मिलकर अपने विधायकों की परेड करवा सकते हैं। फिर राज्यपाल तय करेंगे कि उन्हें क्या फैसला लेना है। स्पीकर ने कहा कि सरकार को फ्लोर टेस्ट के लिए कहने का अधिकार भी राज्यपाल को ही है।

ये भी पढ़ें: RSS प्रचारक के बाद दो बार हरियाणा सीएम, अब मोदी कैबिनेट में बने मंत्री; पढ़िए मनोहर लाल का राजनीतिक सफर