विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में ECHS रेफरल कांड के आरोपित को बड़ी राहत, दुबई में डायरेक्टर की नौकरी तलाशने की कोर्ट से मंजूरी

Published: Tue, 10 Nov 2026 07:06 PM (GMT+05:30)

ईसीएचएस रेफरल कांड के आरोपित डॉ. नवीन कुमार को पंचकूला की सीबीआई अदालत से दुबई जाने की अनुमति मिल गई ...और पढ़ें

पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत से डाॅ. नवीन कुमार को बड़ी राहत मिली। (सांकेतिक फोटो)

पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत से डाॅ. नवीन कुमार को बड़ी राहत मिली। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. 3.5 लाख रिश्वत के मामले में सीबीआई कोर्ट से राहत।

  2. मेडिकल डायरेक्टर पद के ऑफर की करेंगे व्यक्तिगत जांच।

  3. 30 लाख रुपये की एफडीआर जमा करनी होगी।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) पाॅलीक्लिनिक पानीपत से मरीजों को प्राइवेट अस्पताल में रेफर करने के बदले 3.5 लाख रुपये की रिश्वत के मामले में डाॅ. नवीन कुमार को पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत से बड़ी राहत मिली है।

अदालत ने डाॅ. नवीन को डायरेक्टर पद पर नौकरी के अवसर तलाशने के लिए दुबई जाने की अनुमति दे दी है। हालांकि, विदेश जाने से पहले उन्हें 30 लाख रुपये की एफडीआर या बैंक गारंटी अदालत में जमा करानी होगी।

डाॅ. नवीन कुमार ने अदालत में अर्जी दायर कर 10 से 28 नवंबर तक दुबई जाने की अनुमति और अदालत में जमा अपना पासपोर्ट अस्थायी रूप से वापस देने की मांग की थी।

उन्होंने अदालत को बताया कि उन्हें दुबई की कंपनी इन्फोम हेल्थ कंसल्टेंसी एलएलसी की ओर से मेडिकल डायरेक्टर पद पर नियुक्ति का ऑफर मिला है। वह इस आफर की व्यक्तिगत रूप से जांच करने और कंपनी के प्रतिनिधियों से बातचीत करने के लिए दुबई जाना चाहते हैं।

छह फरवरी को हुई थी गिरफ्तारी

सीबीआई ने छह फरवरी 2026 को ट्रैप लगाकर डाॅ. नवीन को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इस मामले में उन्हें पांच मार्च को जमानत मिली थी। जमानत के दौरान उनका पासपोर्ट अदालत में जमा करने और बिना अनुमति विदेश नहीं जाने की शर्त लगाई गई थी।

सीबीआई ने जताई फरार होने की आशंका

सीबीआई ने याचिका का विरोध करते हुए दलील दी कि आरोपित भ्रष्टाचार के गंभीर मामले में शामिल है और विदेश जाने की अनुमति मिलने पर फरार हो सकता है। अदालत ने यह भी माना कि डाॅ. नवीन कुमार को 29 जुलाई 2026 को भी विदेश जाने की अनुमति दी गई थी और उन्होंने सभी शर्तों का पालन करते हुए निर्धारित समय पर भारत वापसी की थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।