पंजाब के किसानों का प्रदर्शन टला, केंद्र ने बातचीत के लिए दिया न्योता; मांगों को लेकर 4 सितंबर को होगी बैठक
केंद्र सरकार से बातचीत का न्योता मिलने के बाद किसानों का अर्धनग्न प्रदर्शन टल गया है। अब 4 सितंबर को दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के साथ किसानों की बैठक होगी।
-1787131002143_m.webp)
HighLights
किसानों का अर्धनग्न प्रदर्शन केंद्र के न्योते पर टला
4 सितंबर को दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से होगी बैठक
बैठक विफल होने पर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
जागरण संवाददाता, जींद। हरियाणा-पंजाब के खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर किसानों को प्रशासन ने आश्वासन दिया कि 4 सितंबर 2026 को दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के साथ उनकी बैठक करवाई जाएगी। जिसके बाद यह प्रदर्शन टल गया। एसडीएम नरवाना के आश्वासन पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने यात्रा 4 सितंबर तक स्थगित करने का एलान किया।
किसान नेता ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों को यात्रा से रोका था। बैठक में सकारात्मक परिणाम नहीं आया तो किसान पूरे भारत में फिर यात्रा शुरू करेंगे। फिलहाल किसानों ने प्रदर्शन समाप्ति करने की घोषणा कर दी है।
अर्धनग्न होकर प्रदर्शन का किया था एलान
किसान बचाओ पदयात्रा में शामिल 51 किसानों ने कहा था कि वह दातासिंहवाला बॉर्डर पर लगे बैरिकेड्स के पास अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करेंगे। जींद प्रशासन ने रविवार को बॉर्डर पर बैरिकेडिंग लगाकर दिल्ली की तरफ जाने से रोक दिया था। इसके विरोध में किसानों ने बार्डर से करीब 250 मीटर दूर पंजाब की तरफ धरना शुरू कर दिया था। रात को भी किसान सड़क के किनारे ही सो रहे हैं।
मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए किसान बचाओ पदयात्रा के संयोजक जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि संविधान में देश के मेहनतकश लोगों को अपने हकों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के मिले अधिकारों का भाजपा सरकार हनन कर रही है। इसके विरोध में बुधवार को अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया जाएगा।
