गुरुग्राम में जलभराव पर हरियाणा में सियासी घमासान, सुरजेवाला ने सरकार को घेरा, राव बोले- कांग्रेस ने किया था बंटाधार
गुरुग्राम में 75 एमएम बारिश से हुए जलभराव ने फिर बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं, जिस पर हरियाणा में सियासी घमासान तेज हो गया है।

कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला (फाइल फोटो)
HighLights
गुरुग्राम में 75 एमएम बारिश से फिर बाढ़ जैसे हालात
सुरजेवाला ने 1400 करोड़ खर्च के बावजूद स्थिति पर सवाल उठाए
राव इंद्रजीत ने कांग्रेस की बिल्डर नीतियों को जिम्मेदार बताया
राज्य ब्यूरो, पंचकूला। कई साल से जलभराव का दंश झेल रहे गुरुग्राम में सोमवार को हुई 75 एमएम वर्षा से एक बार फिर से बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिसको लेकर हर साल की की तरह फिर सियासत होने लगी है।
कांग्रेसी नेता समस्या के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार बता रहे हैं, जिसका जवाब भाजपा की ओर से यह कहते हुए दिया जा रहा कि कांग्रेस के दस साल के पूर्व शासन में बिल्डरों को खुली छूट मिली जिसके चलते प्राकृतिक बहाव के लिए बने नालों पर बहुमंजिला सोसायटी और कारपोरेट आफिस के लिए कई मंजिला भवन बना दिए गए। जिसके चलते सड़कों पर पानी भर रहा है।
सुरजेवाला ने हरियाणा सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार की सुबह एक्स पर पोस्ट कर हरियाणा सरकार पर हमला बोलते हुए लिखा कि गुरुग्राम में ढांचागत विकास पर 1,400 करोड़ की रकम खर्च करने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। इतना पानी सड़कों पर भर गया कि स्कूली बच्चे फंस गए, हजारों वाहन फंस कर बंद हो गए।
फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए ट्रैक्टर -ट्राली लगानी पड़ी, लोगों को वर्क फ्राम करने के लिए प्रशासन को लाचारी में एडवाइजरी जारी करनी पड़ी। सड़कों पर भरे पानी से लोगों को घर में ही बगैर बिजली के रहना पड़ा। सुरजेवाला की पोस्ट के बाद गुड़गांव संसदीय क्षेत्र के सांसद तथा केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बयान दिया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार का किया धरा है। इंफ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान नहीं देकर बिल्डरों की मनमानी करने दी।
सड़कें हुई जलमग्न
प्राकृतिक बहाव के लिए बने नालों पर बहुमंजिला सोसायटी और कॉरपोरेट ऑफिस के लिए कई मंजिला भवन बना दिए गए। जिसके चलते सड़कों पर पानी भर रहा है। राव ने यह भी कहा कि नायब सरकार तो कांग्रेस की दी गई समस्या हो दूर करने में लगी है। वह कांग्रेस में रहकर जब आवाज बुलंद करते तो मुख्यमंत्री को झटका लगता था।
राव के बयान आने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपेंद्र सिंह ने भी बयान दिया कि भाजपा का विकास पानी में उतराते हुए दिखाई दे रहा है। रेवाड़ी के पूर्व विधायक राव चिरंजीव ने समस्या के लिए राव को जिम्मेदार बताया। उन्होंने आरोप लगाया कई सालों से राव को गुरुग्राम की जनता चुन रही पर जनता के लिए उन्होंने क्या किया हर साल वर्षा में नजर आ जाता है।
