यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Video: सियासी घमासान के बीच CM नायब सैनी ने पिया यमुना का पानी, कहा- जहर पवित्र नदी में नहीं, विपक्ष के दिमाग में भरा है
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना नदी के पानी में अमोनिया की मात्रा अधिक होने के विवाद के बीच पल्ला गांव में जाकर पानी पिया और कहा कि उन् ...और पढ़ें

HighLights
- आतिशी ने कहा था यमुना में अमोनिया की मात्रा जांचने आप और मैं साथ चलते हैं
- सीएम सैनी ने आतिशी को आप-दा की खड़ाऊं बुलाया और कहा आपका स्वागत है
- मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने दावा किया पानी पूरी तरह से शुद्ध है
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के रास्ते दिल्ली तक जाने वाली यमुना नदी के पानी में अमोनिया की मात्रा अधिक होने पर विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना किनारे जाकर जल का आचमन किया।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बीच चले आरोप-प्रत्यारोप के विवाद में दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री आतिशी की भी एंट्री हो गई थी।
'हरियाणा भेज रहा दिल्ली को जहरीला पानी'
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने नायब सिंह सैनी को संबोधित करते हुए पोस्ट में लिखा है, मुझे पता चला है कि आप यमुना नदी से पल्ला घाट जा रहे हैं। मेरा आग्रह है कि आप और मैं साथ चलते हैं। मीडिया के साथियों को भी लेकर चलते हैं। सबके सामने अमोनिया की मात्रा नापेंगे। सबको पता चलना चाहिए कि हरियाणा दिल्ली वालों को जहरीला पानी भेज रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आतिशी की इस पोस्ट का जवाब दिया है।
सैनी ने आतिशी को बुलाया आपदा की खड़ाऊ
नायब सैनी ने आतिशी की पोस्ट को टैग करते हुए लिखा, आप-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी,पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है। हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो जहर नहीं है, लेकिन आप लोगों के दिमाग में जहर जरूर भरा हुआ है।
कभी पानी की कमी के लिए, कभी पराली के धुएं के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए हमेशा आप हरियाणावासियों को ही कोसती रहती हैं।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव के दौरान यमुना नदी के पानी के विवाद को गहराते हुए आरोप लगाया था कि हरियाणा की ओर से यमुना के पानी में जहर मिलाया जा रहा है, जिस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री ने इसका कड़ा प्रतिवाद करते हुए केंद्रीय चुनाव आयोग के पास दस्तक दी थी।
खबरें और भी
मुख्यमंत्री मंगलवार को जाने वाले थे सोनीपत
मुख्यमंत्री मंगलवार को सोनीपत जिले के आखिरी गांव पल्ला में जाकर यमुना नदी के पानी का आचमन करने वाले थे, लेकिन उन्हें भाजपा हाईकमान की ओर से केंद्रीय चुनाव आयोग के पास जाने को कहा गया, जिसके चलते मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने प्रतिनिधि के तौर पर सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन को पल्ला जाने तथा वहां यमुना के पानी का आचमन करने को कहा था।

राजीव जैन भाजपा के कई पदाधिकारियों के साथ पल्ला गांव गये और वहां उन्होंने यमुना के पानी का आचमन किया और दावा किया कि यह पानी पूरी तरह से शुद्ध है तथा इसमें जहर मिलाने के दिल्ली सरकार के आरोप हरियाणा के विरुद्ध राजनीति व दुर्भावना से प्रेरित हैं। बताया जाता है कि आजकल में मुख्यमंत्री नायब सैनी भी यमुना नदी के पानी का आचमन कर सकते हैं।