विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana Election 2024: 20 लाख घरों तक पहुंची कांग्रेस, जल्द जारी होगा घोषणा पत्र

Published: Sun, 01 Sep 2024 08:25 PM (IST)

हरियाणा में कांग्रेस ने अपने हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत अब तक 20 लाख घरों तक दस्तक दी है। ...और पढ़ें

Haryana Election 2024: 20 लाख घरों तक पहुंची कांग्रेस।
Haryana Election 2024: 20 लाख घरों तक पहुंची कांग्रेस।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत कांग्रेस ने अभी तक राज्य के करीब 20 लाख घरों तक दस्तक दी है। कांग्रेस नेता इस अभियान के तहत भाजपा के विरुद्ध 15 सवालों की चार्जशीट लेकर लोगों तक पहुंच रहे हैं। इसी बीच चुनाव घोषणा पत्र के लिए लोगों की राय ली जा रही है।

एक-एक सीट पर टिकटों के लिए मंथन कर रही कांग्रेस ने कहा है कि जल्दी ही जनता का चुनाव घोषणा पत्र जारी किया जाएगा, जिसे जनता द्वारा तैयार किया जाएगा और जो पूरी रह से जनता के लिए होगा।

हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा पूरे प्रदेश में पदयात्राएं कर रहे हैं। इस पदयात्रा का इतना असर हुआ कि भाजपा को कांग्रेस खासकर पूर्व मुख्यमंत्री से पूछने के लिए 10 सवाल जारी करने पड़े। कांग्रेस ने हालांकि भाजपा के इन सवालों का जवाब अभी तक नहीं दिया है, लेकिन यह कहा है कि पहले भाजपा चार्जशीट में शामिल उन 15 सवालों का जवाब दे, जो कांग्रेस ने मांगे हैं।

हरियाणा मांगे हिसाब के तहत भाजपा के विरुद्ध चार्जशीट घर-घर तक पहुंचाने के लिए 90 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस ने संयोजक व सह संयोजकों की नियुक्तियां की थी। उन्होंने पिछले दो माह में स्थानीय नेताओं के साथ बैठक कर तथा घर-घर जाकर जनसंपर्क करते हुए लोगों के सुझाव मांगे थे। अभियान की मानीटरिंग के लिए विधानसभा स्तर पर वाट्सएप ग्रुप भी बनाए गए थे।

हरियाणा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी चांदवीर हुड्डा के अनुसार अभियान के तहत कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ जारी हुई चार्जशीट को घर-घर पहुंचाने में सफलता हासिल की है। शहरों के भीड़भाड़ वाले बाजारों और गांव की चौपालों से लेकर गलियों तक चार्जशीट को पहुंचाया गया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक घर, स्थानीय हाट, मंडियों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सामुदायिक केंद्रों पर पहुंचकर अपनी बात रखी। सुझाव पेटी, सुझाव वाहन, वेबसाइट, इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म और मिस्ड काल नंबरों के माध्यम से लोगों की शिकायतें और सुझाव एकत्र किए गए हैं। ⁠प्रत्येक विधानसभा में 50 हजार प्रचार सामग्री वितरित की गई।

चांदवीर हुड्डा ने बताया कि करीब 15 लाख सुझाव घर-घर जाकर, नुक्कड़ सभाओं और दीपेंद्र सिंह हुड्डा की यात्रा के माध्यम से एकत्र किए गए, जबकि पांच लाख सुझाव आनलाइन और टोल-फ्री नंबरों से प्राप्त हुए हैं। प्रत्येक हरियाणवी के सुझाव के आधार पर कांग्रेस जल्दी ही जनता का घोषणापत्र और हरियाणा की जनता के लिए गारंटी जारी करने वाली है।

उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री गीता भुक्कल के नेतृत्व वाली चुनाव घोषणा पत्र कमेटी की बैठक में इन सभी सुझावों को रखा जाएगा और अलग-अलग समूह स्तर पर लोगों के कल्याण की घोषणाएं जारी की जाएंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।