विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हरियाणा में पहली बार के विधायकों को दी जाएगी ट्रेनिंग, भूपेंद्र हुड्डा सहित ये लोग देंगे नियमों की जानकारी

Published: Tue, 12 Nov 2024 07:44 AM (GMT+05:30)

हरियाणा में पहली बार विधायक बने 40 सदस्यों को मंगलवार को चंडीगढ़ में विधायी कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण ...और पढ़ें

हरियाणा विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक लेते स्पीकर हरविन्द्र कल्याण
हरियाणा विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक लेते स्पीकर हरविन्द्र कल्याण

HighLights

  1. प्रदेश की 15वीं विधानसभा में पहली बार चुनकर आए 40 विधायक
  2. स्पीकर, डिप्टी स्पीकर और भूपेंद्र सिंह हुड्डा देंगे विधायकों को प्रशिक्षण
  3. 25 साल की उम्र में विधायक बनने वाले आदित्य सुरजेवाला सबसे युवा

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। विधानसभा में पहली बार चुनकर आए विधायकों को विधायी कार्यों के बारे में मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस संबंध में विधानसभा सचिवालय की तरफ से सोमवार को कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।

बुधवार से प्रदेश विधानसभा का सत्र है। इससे पहले ही विधायकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में विधायकों ने विधायी कार्यों का प्रशिक्षण दिलाने का आग्रह नव निर्वाचित विधानसभा स्पीकर हरविन्दर कल्याण से किया था। स्पीकर, डिप्टी स्पीकर और भूपेंद्र सिंह हुड्डा  विधायकों को प्रशिक्षण देंगे।

40 सदस्य पहली बार बने हैं विधायक

प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए प्रदेश के सभी 90 हलकों के विधायक मंगलवार को चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। हरियाणा की 15वीं विधानसभा के 90 विधायकों में से 40 ऐसे हैं जो पहली बार विधायक बनकर सदन में पहुंचे हैं। जिन 40 नेताओं ने पहली बार चुनाव जीता है, उनमें भाजपा के 23 और कांग्रेस के 13 विधायक शामिल हैं। इसके अलावा इनेलो के दो और दो निर्दलीय विधायक पहली बार चुनकर आए हैं।

दो विधायक सातवीं बार पहुंचे हैं विधानसभा

वहीं, 50 विधायकों में से कई ऐसे हैं जो दो, तीन, चार, पांच और छह बार विधायक बने हैं। सात बार विधायक बनने वाले दो ही विधायक हैं। इनमें बेरी से कांग्रेस के डॉ. रघुबीर सिंह कादियान और अंबाला छावनी से भाजपा के अनिल विज शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा छठी बार विधानसभा पहुंचे हैं।

आदित्य सुरजेवाला सबसे युवा विधायक

कैथल से कांग्रेस टिकट पर विधायक बने आदित्य सुरजेवाला इस विधानसभा के सबसे युवा विधायक हैं। वह महज 25 साल की उम्र में विधानसभा पहुंचे हैं। इसी तरह 21 विधायक दूसरी, 14 विधायक तीसरी, चार विधायक चौथी, पांच विधायक पांचवीं और एक विधायक छठी बार विधानसभा पहुंचा है। इनेलो टिकट पर डबवाली से चुनाव जीते आदित्य देवीलाल चौटाला व रानियां से अर्जुन चौटाला भी पहली बार सदन में दस्तक देंगे।

यह भी पढ़ें- खुशखबरी: हरियाणा में 50 हजार से अधिक वेतन वाले कच्चे कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित, नायब सरकार लाने जा रही बिल

विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद

हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की अध्यक्षता में सोमवार को सुरक्षा अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें 13 नवंबर से आरंभ होने वाले सत्र की सुरक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने विधानसभा परिसर का मुआयना भी किया।

सुरक्षा प्रबंधों को लेकर आयोजित बैठक में हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि विधानसभा सत्र संसदीय लोकतंत्र का पर्व है। मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के अलावा किसी भी मंत्री या विधायक के साथ उनके सुरक्षा कर्मचारी विधान भवन में प्रवेश नहीं करेंगे।

महिला दर्शकों की चेकिंग के लिए अलग से केबिन हैं। बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव विवेक जोशी, गृह सचिव अनुराग रस्तोगी, डीजीपी शत्रुजीत कपूर, एडीजीपी सीआइडी आलोक मित्तल शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- हरियाणा कांग्रेस में खींचतान: अचानक चर्चा में क्यों आईं गीता भुक्कल, क्या मिलने वाली है कोई बड़ी जिम्मेदारी?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।