हरियाणा निकाय चुनाव: कांग्रेस ने सोनीपत और अंबाला के लिए खोले पत्ते, मेयर उम्मीदवारों का किया एलान
कांग्रेस ने हरियाणा में आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए अपनी रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी ने सोनीपत और अंबाला नगर निगम के लिए मेयर उम्मीदवारों की घोषण ...और पढ़ें

सोनीपत और अंबाला से कांग्रेस ने उम्मीदवारों का किया एलान (जागरण फाइल)
HighLights
कांग्रेस ने सोनीपत और अंबाला के मेयर उम्मीदवार घोषित किए।
सोनीपत से कमल दीवान, अंबाला से कुलविंदर कौर प्रत्याशी।
पंचकूला मेयर पद पर फैसला जल्द आने की उम्मीद।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों की घोषणा में लेटलतीफी करने वाली कांग्रेस ने इस मामले में निकाय चुनाव में बाजी मार ली है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को अंबाला तथा सोनीपत नगर निगम चुनावों के लिए मेयर पद के प्रत्याशी घोषित कर दिए। अंबाला में कुलविंद्र कौर तथा सोनीपत में जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष कमल दीवान को मेयर प्रत्याशी बनाया गया है।
अंबाला नगर निगम का मेयर पद बीसी (बी) महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, जबकि सोनीपत नगर निगम की सीट सामान्य श्रेणी के अंतर्गत आती है। कमल दीवान प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से संबंध रखते हैं।
उनके पिता स्वर्गीय देवराज दीवान सोनीपत से विधायक रह चुके हैं और क्षेत्र में उनकी मजबूत जनपकड़ तथा जनसेवा का लंबा अनुभव रहा है। इसी प्रकार कुलविंद्र कौर का परिवार भी शहर का एक सम्मानित एवं प्रतिष्ठित परिवार है, जो सदैव स्थानीय लोगों के सुख-दुख में सहभागी रहा है।
पंचकूला के लिए भी जल्द होगा एलान
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि पंचकूला नगर निगम के मेयर पद के प्रत्याशी की घोषणा भी शीघ्र ही कर दी जाएगी। साथ ही दोहराया कि कांग्रेस पूर्ण मजबूती, संगठनात्मक एकजुटता और व्यापक जन समर्थन के साथ इन चुनावों में भाग लेगी। सभी कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरे उत्साह, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ चुनाव अभियान में जुटें।
वहीं, प्रदेश के तीनों नगर निगमों पंचकूला, अंबाला तथा सोनीपत, रेवाड़ी नगर परिषद तथा सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगर पालिकाओं कांग्रेस संयुक्त घोषणा पत्र तैयार करने में जुटी है।
घोषणापत्र में भय और भ्रष्टाचार को समाप्त करना प्रमुख प्राथमिकता होगी। घोषणा पत्र समिति की बैठक शनिवार को चेयरपर्सन एवं विधायक गीता भुक्कल की अध्यक्षता में हुई, जिसमें विधायक बीबी बत्रा, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, संजीव भारद्वाज, सतीश तेजली, तरुण चुघ तथा जयवीर आंतिल शामिल हुए।
खबरें और भी
चुनाव घोषणा पत्र के लिए सुझावों पर किया मंथन
घोषणा पत्र समिति की बैठक में स्थानीय निकायों में आमजन को पेश आ रही समस्याओं तथा उनके व्यावहारिक एवं प्रभावी समाधान पर मंथन किया गया। समिति सदस्यों ने जमीनी स्तर से प्राप्त सुझावों और अनुभवों को साझा करते हुए एक जनोन्मुखी एवं समावेशी घोषणा पत्र तैयार करने पर जोर दिया।
गीता भुक्कल ने बताया कि घोषणापत्र तैयार करने के लिए संबंधित सांसदों, विधायकों एवं जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ-साथ आमजन से भी सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति द्वारा तैयार किया जा रहा घोषणा पत्र आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और नगर निकायों के समग्र विकास के लिए ठोस रोडमैप प्रस्तुत करेगा। घोषणा पत्र को शीघ्र अंतिम रूप देकर सार्वजनिक करने हेतु प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंप दिया जाएगा।