विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana News: लॉन्च होने से पहले विवादों में हरियाणा का राज्य गीत, दो लेखकों ने लिरिक्स चोरी करने के लगाए आरोप

Published: Sun, 09 Mar 2025 11:48 AM (IST)

हरियाणा के राज्य गीत को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोनीपत और फतेहाबाद के दो लेखकों ने गीत के ...और पढ़ें

विधानसभा में सुनाए जाने से पहले ही हरियाणा के राज्य गीत पर संकट
विधानसभा में सुनाए जाने से पहले ही हरियाणा के राज्य गीत पर संकट

HighLights

  1. सोनीपत और फतेहाबाद के दो लेखकों ने लगाए बोल चोरी करने के आरोप
  2. कैलाश खेर के स्थान पर कुरुक्षेत्र के डॉ. श्याम शर्मा ने गाया है राज्य गीत
  3. विधानसभा की कमेटी के सामने राज्य गीत को सदन के समक्ष पेश करने पर दुविधा

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा के राज्य गीत (State song of Haryana) के विधानसभा में पेश होने से पहले ही विवाद खड़ा हो गया है। हरियाणा के सोनीपत और फतेहाबाद के दो लेखक-कलाकारों ने अलग-अलग तरीके से इस गीत पर अपना दावा ठोंका है।

कुरुक्षेत्र के डॉ. श्याम सखा ने यह गीत गाया है, जिसे विधानसभा की कमेटी तो चयनित कर चुकी है, मगर बजट सत्र में इसे विधायकों के सामने विधानसभा में सुनाया जाना बाकी है। सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा के सत्र में यह मुद्दा उठ सकता है। ऐसे में सरकार गीत को लेकर किसी तरह के विवाद में नहीं फंसना चाह रही है।

लक्ष्मण यादव की अध्यक्षता में गठित हुई थी कमेटी

हरियाणा विधानसभा ने राज्य गीत फाइनल करने के लिए रेवाड़ी से भाजपा विधायक लक्ष्मण यादव की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया था।

कमेटी में झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल, हांसी से भाजपा विधायक विनोद भयाना, फतेहाबाद से कांग्रेस विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया और रानियां से इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया।

कमेटी के पास 204 गीत पहुंचे थे। इनमें से कमेटी ने 3 गीत सिलेक्ट किए। आखिरी मंथन के बाद ‘जय जय जय हरियाणा’ गीत को फाइनल किया गया।

डॉ. बालकिशन शर्माने लिखा है गीत

राज्य गीत को पानीपत के डॉ. बालकिशन शर्मा ने लिखा है। तीन मिनट के इस गीत में 21 लाइनें हैं। इन 21 लाइनों में कुरुक्षेत्र की धरती, किसानों, खिलाडियों, सैनिकों और दूध दही के खाने का जिक्र किया गया है। इस गीत के सिंगर डॉ. श्याम शर्मा और कंपोजर पारस चोपड़ा हैं।

डॉ. श्याम शर्मा ने हरियाणा के राज्य कवि पंडित लख्मी चंद के नाम पर बनी फिल्म में भी अपनी सेवाएं दी हैं। रोहतक की मालविका पंडित ने इस गीत को निर्देशित किया है।

पहले इस गीत को बालीवुड सिंगर कैलाश खैर ने गाना था, लेकिन उनकी आवाज में हरियाणवी टच नहीं होने पर डॉ. श्याम शर्मा ने इसमें अपनी आवाज दी है। विधानसभा की कमेटी गीत को लेकर अपनी फाइनल रिपोर्ट पिछले सप्ताह दे चुकी है।

सोनीपत की लेखक ने ठोका अपना दावा

अब यह गीत विधानसभा में पेश होने से पहले सोनीपत की लेखक-अभिनेत्री गीतू परी ने इसके लिरिक्स (बोल) पर अपना दावा ठोका है। परी ने कहा कि राज्य गीत में लिखे लिरिक्स उनके गीत से मिलते-जुलते हैं। हरियाणा के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश का अपना राज्य गीत लॉन्च हो रहा है, लेकिन गीत में लिरिक्स उनके हैं तो उन्हें भी क्रेडिट दिया जाना चाहिए।

गीतू परी ने कहा कि उन्होंने यह गीत 29 जनवरी 2024 को लिखा था। राज्यगीत का टाइटल मेरे लिखे गीत जैसा है। मैंने उसमें दो बार जय-जय लिखा था, लेकिन राज्यगीत में इसे तीन बार कर दिया गया। यह लाइन काफी मिलती-जुलती है। राज्यगीत के लिए मेरे गाने से बहुत सारे लिरिक्स उठाए गए हैं।

फतेहाबाद के कृष्ण कुमार का ये दावा

इस बीच हरियाणा के फतेहाबाद जिले के गांव ढिंगसरा निवासी कृष्ण कुमार ने भी गीत के बोल पर अपना दावा पेश करते हुए कहा कि जुलाई 2021 में उन्हें कोरोना के दौरान पता चला कि सरकार ने गीत के लिए आवेदन मांगे हैं। तब उन्होंने गीत की रचना कर सरकार द्वारा बताई गई साइट पर मेल कर दिया।

2023 में पता चला कि तीन गीतों को फाइनल किया गया, जिसमें जय, जय हरियाणा भी शामिल है। इसके बाद 26 जनवरी 2024 को राजपथ पर हरियाणा की झांकी में उनके गीत की धुन बजाई गई। कृष्ण कुमार के अनुसार कुछ दिन पहले पता चला कि गीत का रचनाकार कोई और बताया जा रहा है।

इसके बाद उन्होंने आरटीआई लगाई जिसका कोई जवाब नहीं मिला। मुख्यमंत्री को भी शिकायत भेजी गई। कृष्ण के अनुसार उन्होंने हरियाणवी भाषा में गीत लिखा था जिसका हिंदी में रूपांतरण कर दिया गया है। कृष्ण कुमार ने दावा किया कि 80 प्रतिशत गीत उनका ही लिखा हुआ है।

उन्हें इसका क्रेडिट नहीं मिला है। एक गीत पर दो अन्य कलाकारों के दावे के बाद विधानसभा की कमेटी के पास अब इस गीत को लेकर असमंजस पैदा हो गया है।

ये भी पढ़ें- 25 दिन का विशेष अवकाश, एक लाख तक ब्याज मुक्त लोन; महिला दिवस पर CM नायब ने किए कई बड़े एलान

ये भी पढ़ें- महिलाओं के खिलाफ अपराध, नौकरियों का बैकलॉग... बजट सत्र में कई मुद्दों पर नायब सरकार को घेरने की तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।