विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फॉर्च्यूनर के किराये का हिसाब बढ़ता गया, 28.13 लाख पर पहुंचा बकाया; पंचकूला में तीन पर केस

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:05 AM (IST)

पंचकूला में लीज पर दी गई फॉर्च्यूनर वापस न मिलने और 28.13 लाख किराये के बकाया को लेकर तीन लोगों ...और पढ़ें

16 जून 2025 से प्रतिदिन 8 हजार रुपये पर दी थी फाॅर्च्यूनर गाड़ी। (सांकेतिक फोटो)

16 जून 2025 से प्रतिदिन 8 हजार रुपये पर दी थी फाॅर्च्यूनर गाड़ी। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. लीज पर ली फॉर्च्यूनर, बाद में नहीं लौटाई गई।

  2. किराये का बकाया 28.13 लाख रुपये पहुंचा।

  3. वाहन मालिक को जान से मारने की धमकी।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। लीज पर दी गई फाॅर्च्यूनर गाड़ी को वापस लेने के लिए वाहन मालिक को लंबा इंतजार करना पड़ा, लेकिन गाड़ी वापस मिलने के बजाय किराये का बकाया बढ़ता गया। अब यह रकम करीब 28.13 लाख रुपये तक पहुंच गई है।

सेक्टर-20 निवासी शुभम ने अभिषेक, सचिन कुमार और अमन पर फाॅर्च्यूनर वापस नहीं करने और पैसे मांगने पर जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। चंडीमंदिर थाना में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता शुभम के अनुसार अभिषेक और अमन फाॅर्च्यूनर किराये पर लेने उसके पास पहुंचे थे। दोनों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने के कारण उनके साथ आए सचिन कुमार के नाम पर रेंट एग्रीमेंट तैयार किया गया। 16 जून 2025 को फाॅर्च्यूनर प्रतिदिन 8 हजार रुपये के किराये पर दी गई।

पहले ली दूसरी गाड़ी, फिर हिसाब में फंसता गया मामला

शिकायत के मुताबिक तीनों को एक स्काॅर्पियो एन भी 29 अगस्त 2025 को प्रतिदिन 5 हजार रुपये के किराये पर दी गई थी। सचिन ने 6 दिसंबर 2025 को स्काॅर्पियो वापस कर दी। उस समय करीब पांच लाख रुपए की रकम को किराये के हिसाब में समायोजित करने और फाॅर्च्यूनर लौटाते समय बाकी भुगतान करने की बात कही गई।

शुभम का आरोप है कि शुरुआत में फाॅर्च्यूनर का किराया दिया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। गाड़ी मांगने पर कुछ दिन और रखने और बाद में पूरा हिसाब करने का भरोसा दिया गया। इसके बाद 19 नवंबर 2025 को 180 दिनों के लिए एक और लीज एग्रीमेंट तैयार किया गया।

इसकी अवधि भी खत्म हो चुकी है, लेकिन गाड़ी अब तक वापस नहीं की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार फाॅर्च्यूनर और बकाया रकम मांगने पर आरोपितों ने जान से मरवाने की धमकी दी। शुभम ने पुलिस से गाड़ी वापस दिलाने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।