दिल्ली-ट्राईसिटी कोकीन सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, कपड़ों-जूतों के कारोबार की आड़ में नशे का धंधा कर रहा नाइजीरियाई गिरफ्तार
पंचकूला पुलिस ने दिल्ली से ट्राईसिटी तक फैले कोकीन सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह नाइजीरियाई आरोपित पिछ ...और पढ़ें

नशा तस्करी में गिरफ्तार नाइजीरियाई नागरिक बिजनेस वीजा पर भारत आया हुआ था।
HighLights
पंचकूला पुलिस ने दिल्ली-ट्राईसिटी कोकीन नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
कपड़ों के कारोबार की आड़ में नाइजीरियाई चला रहा था धंधा।
43 ग्राम कोकीन बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। पंचकूला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली से ट्राईसिटी में संचालित कोकीन सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपित पिछले करीब पांच वर्षों से दिल्ली में कपड़ों और जूतों के कारोबार की आड़ लेकर कोकीन की तस्करी कर रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपित वर्ष 2018 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था।
एंटी नारकोटिक सेल ने थाना चंडीमंदिर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले की जांच के दौरान इस अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया।डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि पीर मुच्छल्ला निवासी अंचित उर्फ चिंटू सेक्टर-26 स्थित हर्बल पार्क के पास कोकीन की सप्लाई करने आने वाला है।
सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल ने घेराबंदी कर अंचित को उसकी एक्सयूवी-500 कार सहित गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 43 ग्राम कोकीन की 87 गोलियां बरामद हुईं।
पूछताछ में अंचित ने खुलासा किया कि उसने यह कोकीन पीरमुच्छल्ला निवासी अजय के कहने पर दिल्ली के विकासपुरी क्षेत्र में रहने वाले एक नाइजीरियाई नागरिक से खरीदी थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने पहले अजय को गिरफ्तार किया और फिर उसकी निशानदेही पर दिल्ली के तिलक नगर निवासी नाइजीरियाई नागरिक अजा ओग्बोना को दबोच लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अजा ओग्बोना पिछले करीब पांच वर्षों से कोकीन तस्करी के नेटवर्क का संचालन कर रहा था। वह कपड़ों और जूतों के व्यापार की आड़ में ग्राहकों तक नशीले पदार्थ पहुंचाता था ताकि उसकी गतिविधियों पर किसी को संदेह न हो। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।