विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बादशाह के 'टटीरी' गाने पर पुलिस का एक्शन, 857 डिजिटल लिंक डिलीट; रील बनाने वालों को चेतावनी

Updated: Mon, 23 Mar 2026 01:44 PM (IST)

बॉलीवुड रैपर बादशाह के विवादित गाने 'टटीरी' पर हरियाणा पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। आपत्तिजनक सामग्री के कारण 857 ...और पढ़ें

पुलिस ने रैपर बादशाह के विवादित गीत 'टटीरी' से जुड़े 857 डिजिटल लिंक हटाए (फाइल फोटो)

पुलिस ने रैपर बादशाह के विवादित गीत 'टटीरी' से जुड़े 857 डिजिटल लिंक हटाए (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। बॉलीवुड रैपर बादशाह उर्फ आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया के विवादित गाने 'टटीरी' को लेकर पुलिस ने सभी डिजिटल प्लेटफार्म पर निगरानी बढ़ा दी है। अब तक इस गीत से जुड़े कुल 857 लिंक हटाए जा चुके हैं। इनमें 154 यू-ट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील शामिल हैं।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने बताया कि सभी इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म को नोटिस जारी कर गीत के सभी वर्जन यथा री-अपलोड, शार्ट वीडियो और अन्य रूपों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यह कदम विशेष रूप से उन आपत्तिजनक सामग्रियों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है, जिनमें महिलाओं और नाबालिगों के प्रति अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया गया है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा के विरुद्ध किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डिजिटल प्लेटफार्म पर निगरानी और प्रवर्तन को और मजबूत किया गया है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए और कानून का पालन सुनिश्चित हो।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पंचकूला के आयुक्त शिबास कविराज ने बताया कि आम जनता को भी चेतावनी जारी की गई है कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रतिबंधित गीत पर रील, शार्ट या अन्य वीडियो बनाता या साझा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित इंटरनेट मीडिया अकाउंट्स को ब्लाक या प्रतिबंधित किया जा सकता है तथा बार-बार उल्लंघन करने वालों पर कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

टटीरी गीत के आपत्तिजनक शब्दों और फिल्मांकन को लेकर पंचकूला के सेक्टर 20 स्थित साइबर थाना में एफआइआर दर्ज की जा चुकी है। साथ ही पुलिस टीमें गीत से जुड़े डिजिटल कंटेंट की लगातार मानिटरिंग कर रही हैं। इसके प्रसार में शामिल अन्य व्यक्तियों व इंटरनेट मीडिया हैंडल्स की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। डीजीपी ने कहा कि महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े आपत्तिजनक, भ्रामक या समाज विरोधी कंटेंट के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति अपनाई गई है। इसलिए ऐसे किसी भी कंटेंट को साझा करने से बचें और उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि डिजिटल प्लेटफार्म को सुरक्षित और जिम्मेदार बनाया जा सके।