हरियाणा कांग्रेस में संगठन की नींव मजबूत, राव नरेंद्र ने खरगे के सामने पेश किया एक साल का रिपोर्ट कार्ड, बताया आगे का रोडमैप
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपने एक साल के संगठनात्मक कार्यों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड सौंपा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह (फाइल फोटो)
HighLights
राव नरेंद्र ने खरगे को हरियाणा कांग्रेस संगठन का रिपोर्ट सौंपा
एक साल में जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन मजबूत किया
अगला लक्ष्य प्रदेश कमेटी गठन और बूथ स्तर पर सक्रियता
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात कर उन्हें अपना पूरा रिपोर्ट कार्ड सौंपा। राव नरेंद्र को अध्यक्ष बने 29 सितंबर को एक साल पूरा हो जाएगा।
अपने एक साल के कार्यकाल के दौरान वे राज्य में संगठन को पूरी मजबूती से खड़ा करने में कामयाब रहे। जिलाध्यक्षों के साथ ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जबकि प्रदेश कमेटी बननी बाकी है। इस दौरान राव नरेंद्र ने अध्यक्ष को जिला व ब्लॉक स्तरीय सम्मेलनों, पार्टी नेताओं के एक मंच पर आने तथा भविष्य के रोडमैप से अवगत कराया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात के दौरान राव नरेंद्र ने पार्टी संगठन में आए बदलाव के पहले चरण से अवगत कराया। बैठक में हरियाणा के राजनीतिक हालात के साथ संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी तीन महीने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
राव नरेंद्र के कार्यकाल की सबसे अहम उपलब्धि लंबे समय से लंबित संगठनात्मक ढांचे को नीचे तक खड़ा करना रही है। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति का काम भी आगे बढ़ा है। कांग्रेस में करीब 11 साल बाद ब्लॉक स्तर पर संगठन को इस तरह पुनर्गठित करने की प्रक्रिया शुरू हुई है। पार्टी ने 104 ब्लॉक अध्यक्षों की पहली सूची जारी की थी।
यही वजह है कि खरगे के साथ बैठक को केवल सामान्य राजनीतिक मुलाकात के बजाय एक साल के संगठनात्मक कामकाज की प्रस्तुति के तौर पर देखा जा रहा है। राव नरेंद्र ने उन्हें जिला और ब्लॉक स्तर पर हुए सम्मेलनों, कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद और वरिष्ठ नेताओं को इन कार्यक्रमों में एक मंच पर लाने की कवायद की जानकारी दी। हाल के ब्लक सम्मेलनों में राव नरेंद्र के साथ प्रभारी संजय दत्त और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता लगातार मंच साझा कर रहे हैं।
संगठन की पहली सीढ़ी पार, अब प्रदेश टीम का इंतजार
राव नरेंद्र के सामने अब अगला महत्वपूर्ण पड़ाव प्रदेश कांग्रेस कमेटी का गठन है। जिलों और ब्लाकों में जिम्मेदारियां तय होने के बाद प्रदेश स्तर की टीम के गठन से संगठनात्मक ढांचे को अंतिम रूप मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही पार्टी के सामने यह भी चुनौती है कि अलग-अलग राजनीतिक धाराओं और नेताओं को संगठन की गतिविधियों में लगातार साथ रखा जाए।
एक साल संगठन के नाम, अगला चरण आंदोलन और बूथ के नाम
खरगे के सामने राव नरेंद्र ने अगले तीन महीने का जो रोडमैप रखा, उसका मूल लक्ष्य संगठन को बूथ तक सक्रिय करना और कार्यकर्ताओं को लगातार मैदान में रखना है। पार्टी की योजना जनता से जुड़े मुद्दों पर प्रदेशभर में कार्यक्रम और आंदोलन चलाने की है। हाल के ब्लाक सम्मेलनों में भी किसानों, युवाओं, रोजगार, महंगाई, कानून-व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया है।
इस लिहाज से राव नरेंद्र के कार्यकाल को दो हिस्सों में देखा जा सकता है। पहला वर्ष संगठन की बुनियाद तैयार करने का रहा। अब दूसरा चरण उस ढांचे की राजनीतिक उपयोगिता साबित करने का होगा।
