विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana: 15 राज्यों में राज्यसभा के सदस्यों का समाप्त हो रहा कार्यकाल, हरियाणा में एक सीट के लिए चल रही जबरदस्त लॉबिंग

Published: Mon, 29 Jan 2024 08:18 PM (IST)

हरियाणा में राज्यसभा की एक सीट खाली होने वाली है इसको लेकर बीजेपी में लॉबिंग शुरू हो गई है। हरियाणा ...और पढ़ें

हरियाणा में राज्यसभा की एक सीट के लिए चल रही जबरदस्त लॉबिंग (फाइल फोटो)।
हरियाणा में राज्यसभा की एक सीट के लिए चल रही जबरदस्त लॉबिंग (फाइल फोटो)।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में खाली हो रही राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा में लॉबिंग शुरू हो गई है। हरियाणा से राज्यसभा के पांच सदस्य हैं, जिनमें भाजपा के तीन, एक निर्दलीय और एक कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। भाजपा के राज्यसभा सदस्य जनरल डीपी वत्स का कार्यकाल दो अप्रैल को पूरा हो रहा है, जिनके स्थान पर प्रदेश के भाजपा नेताओं ने राज्यसभा पहुंचने के लिए लॉबिंग शुरू कर दी है।

प्रदेश के करीब एक दर्जन भाजपा नेता हरियाणा से राज्यसभा सदस्य बनने की लाइन में लगे हैं। राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव राज्य विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्यों की ओर से अप्रत्यक्ष तौर पर किया जाता है। राज्यसभा एक स्थायी सदन है। इसके एक-तिहाई सदस्य हर दो साल में रिटायर हो जाते हैं, जिससे सदन के कामकाज में निरंतरता बनी रहती है। राज्यसभा सदस्य का कार्यकाल छह साल का होता है।

डीपी वत्स की सीट के लिए कई नेताओं में मारामारी

हरियाणा में भाजपा के राज्यसभा सदस्यों में रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल नौ अप्रैल 2026 को पूरा होगा, जबकि कृष्ण लाल पंवार का कार्यकाल 11 जून 2028 को पूरा होना है। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा का कार्यकाल नौ अप्रैल 2026 तक है, जबकि भाजपा समर्थित निर्दलीय राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा का कार्यकाल 11 जून 2028 को पूरा होना है। दो अप्रैल 2024 को खाली हो रही भाजपा के राज्यसभा सदस्य जनरल डीपी वत्स की सीट के लिए पार्टी के कई नेताओं में मारामारी है। डीपी वत्स चूंकि ब्राह्मण हैं, इसलिए पार्टी की कोशिश किसी ब्राह्मण चेहरे को ही राज्यसभा में भेजने की होगी।

बीजेपी में इनके नामों पर हो सकती है चर्चा

इसके अलावा, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव का राज्यसभा का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है। भूपेंद्र यादव मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं, लेकिन भाजपा ने उन्हें राजस्थान से राज्यसभा में भेजा हुआ है। दक्षिण हरियाणा में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत की टक्कर में भाजपा भूपेंद्र यादव को हरियाणा से राज्यसभा भेज सकती है।

ये भी पढ़ें: Haryana: प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार देगी नैनो तरल यूरिया, बेहद कम दाम में मिलेगी बोतल; ऐसे करें आवेदन

इनके अलावा, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य एवं पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव, राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पंडित रामबिलास शर्मा, मुख्यमंत्री मनोहर लाल के राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती, मुख्यमंत्री के निवर्तमान राजनीतिक सचिव अजय गौड़, हरियाणा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुभाष बराला, पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल, पूर्व मंत्री कविता जैन और सीएम के पूर्व राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी के नामों पर भी भाजपा में चर्चा संभव है।

15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों पर होगा चुनाव

देश के 15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। इन सभी सीटों पर 27 फरवरी को मतदान होगा। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से सोमवार को यह घोषणा की गई। 13 राज्यों के 50 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल दो अप्रैल को समाप्त हो रहा है, जबकि दो राज्यों के शेष छह सदस्य तीन अप्रैल को रिटायर्ड हो जाएंगे। जिन 15 राज्यों में राज्यसभा चुनाव होने हैं उनमें उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, कर्नाटक, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं।

नौ केंद्रीय मंत्री सहित इनका समाप्त हो रहा कार्यकाल

राज्यसभा के जिन सांसदों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है, उनमें नौ केंद्रीय मंत्री शामिल हैं। इनमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा (हिमाचल प्रदेश), रेलवे, आइटी व संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव (ओडिशा), आइटी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर (कर्नाटक), सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री नारायण राणे (महाराष्ट्र), शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (मध्य प्रदेश), स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया (गुजरात) और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव (राजस्थान) शामिल हैं। चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 8 फरवरी को जारी होगा और नामांकन 15 फरवरी तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन की जांच 16 फरवरी को होगी। 20 फरवरी तक कैंडिडेट्स अपने नाम वापस ले सकते हैं।

ये भी पढ़ें: 'धोखेबाज नीतीश को जनता माफ नहीं करेगी, जल्द होगा सुपड़ा साफ...' बिहार गड़बडझाले पर गरजीं कुमारी सैलजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।