पानीपत में हाईटेंशन तारों से झंडा टकराया, 15 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत
पानीपत में हनुमान स्वरूप की टोली में चल रहे 15 वर्षीय गौरव की हाईटेंशन तारों से झंडा टकराने से करंट लगने से मौत हो गई।
-1792606194891_m.webp)
पानीपत में 15 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत।
जागरण संवाददाता, पानीपत। हनुमान स्वरूप की टोली में झंडा लेकर चल रहे 15 वर्षीय गौरव की करंट लगने से मौत हो गई। मंगलवार की देर रात शहर के हरि सिंह चौक पर झंडा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तारों से टकरा गया।
करंट लगने से गौरव गंभीर रूप से झुलसकर मुंह के बल गिर पड़ा। स्वजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। स्थानीय लोगों ने गली में बिजली की तारें कम ऊंचाई पर होने का आरोप लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
वधावाराम कालोनी निवासी गौरव पांचवीं कक्षा तक पढ़ा था और बाजार में कपड़े की दुकान पर काम करता था। वह दो बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता की करीब दस साल पहले मौत हो गई थी।
मंगलवार की देर रात करीब 12:47 बजे गौरव साथियों के साथ हनुमान स्वरूप की टोली में शामिल हुआ। हरि सिंह चौक पहुंचने पर वह झंडा लेकर सबसे आगे चल रहा था। गली से गुजरते समय झंडा हाईटेंशन तारों से टकराया।
सीसीटीवी वीडियो में गौरव टोली के आगे चलता और करंट लगने के बाद गिरता दिखाई दे रहा है। तहसील कैंप थाना प्रभारी बंसीलाल ने बताया कि किशोर की मौत के मामले में स्वजन के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।