अनिल विज के ड्राइवर से 50 लाख रुपये का फ्रॉड, बेटे को विदेश भेजने के नाम पर एजेंट ने किया धोखाधड़ी
मंत्री अनिल विज के चालक के बेटे को विदेश भेजने के नाम पर एक एजेंट ने 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।

मंत्री विज के चालक के बेटे को विदेश भेजने के नाम पर 50 लाख ठगने का आरोप।
HighLights
मंत्री विज के चालक के बेटे से 50 लाख की ठगी।
एजेंट ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी की।
पीड़ित ने मंत्री से शिकायत कर कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, पानीपत। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के चालक के बेटे को विदेश भेजने के नाम पर एक एजेंट द्वारा करीब 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता राकेश कुमार ने मंत्री अनिल विज को शिकायत देकर आरोपित एजेंट के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
राकेश ने आरोप लगाया है कि जब उसने रकम वापस मांगी, तो एजेंट ने उसे जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पानीपत के ओल्ड इंडस्ट्रियल थाने में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
गोहाना की गौतम नगर कालोनी निवासी राकेश कुमार हरियाणा सरकार में चालक के पद पर कार्यरत हैं। हाल ही में वह मंत्री अनिल विज के निवास स्थान पर बतौर चालक तैनात हुए हैं। उनके छोटे बेटे नवीन वर्मा ने सीनियर मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है।
राकेश के अनुसार, उसके साले के दोस्त मनोज कुमार के माध्यम से उसकी मुलाकात पानीपत निवासी एजेंट कुलदीप से हुई। कुलदीप ने नवीन को अमेरिका भेजने के लिए 40 लाख रुपये में सौदा तय किया।
शिकायत के अनुसार, शुरुआत में पांच लाख रुपये एडवांस दिए गए। इसके बाद अक्टूबर 2024 में एजेंट ने पासपोर्ट के लिए 10 लाख रुपये की मांग की, जो पानीपत में नकद दिए गए। 19 अक्टूबर को वीजा के नाम पर आठ लाख रुपये और लिए गए। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में गूगल-पे के माध्यम से भी कुछ रकम ट्रांसफर की गई।
राकेश का आरोप है कि एजेंट ने उसके बेटे को पहले फ्रांस भेजने का कहा, लेकिन बाद में उसे मैक्सिको पहुंचा दिया। वहां से उसे अमेरिका में दाखिल कराया गया, जहां अमेरिकी पुलिस ने नवीन को पकड़ लिया। वह लगभग 14 माह तक कैंप में रहा और दिसंबर 2025 में उसे डिपोर्ट कर भारत वापस भेज दिया गया।
राकेश के अनुसार, बेटे के वापस आने के बाद उसने एजेंट से रकम लौटाने की मांग की, लेकिन एजेंट ने पंचायत में एक माह का समय लिया और फिर न तो रकम लौटाई और न ही फोन उठाया। अब जब राकेश रकम मांगता है, तो उसे जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। उसने मंत्री से आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
