यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शादी के बाद दूसरी महिला के साथ विदेश घूमने गया पति, नाराज पत्नी चली गई मायके; फिर जो हुआ...
पानीपत के इसराना में एक महिला ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि शादी के छह महीने बाद ही ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पानीपत। इसराना थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर दहेज प्रताड़ना समेत कई संगीन आरोप लगाए है। आरोप है कि पति शादी के छह माह बाद ही अन्य महिला के साथ तीन अलग-अलग देशों में घूमने चला गया। वह मायके आई तो अब पति भारत लौटकर उस पर ससुराल आने का दबाव बना रहा है। उसके मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। महिला की शिकायत पर इसराना थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
2023 में हुई थी दोनों की शादी
इसराना थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी दिसंबर 2023 में जींद निवासी एक युवक से शादी हुई थी। आरोप है कि पति शादी के बाद उसके साथ मारपीट करता है। वह बार-बार रुपयों की मांग करता है। वह मायके से रुपये लेकर आती है तो पति ससुराल जाते ही छीन लेता है। उसके साथ दुर्व्यवहार करता है।
आरोप है कि शादी के छह माह बाद ही पति अपनी महिला मित्र के साथ मलेशिया, सिंगापुर, थाईलेंड में घुमने गया। फोटो देखने पर उसने जवाब मांगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर वह अपने मायके आ गई।
पति विदेश से चार माह बाद लौटकर आया। उसके बाद पति उसके पास आया और उस पर ससुराल लौटने के लिए दबाव बनाया। उसने मना किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी। उसे कहा कि साथ नहीं चली तो वह जान से मार देगा।
खुद की जान को खतरा बताया
महिला ने बताया कि उसके पिता मेहनत मजदूरी करते है। वह घर पर अकेली रहती है। इसलिए उसकी जान को खतरा बना हुआ है। उसकी मांग है कि पुलिस उसके पति पर कार्रवाई करे। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।