पानीपत का है टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग कराने वाला अनिल पंडित, पुजारी का बेटा कैसे बना बिश्नोई गैंग का शॉर्प शूटर?
अनिल पंडित, पानीपत के रैरकलां गांव का निवासी, डंकी रूट से अमेरिका जाकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा। वह टाइगर ...और पढ़ें
-1792429128626_m.webp)
अनिल पंडित डंकी रूट से गया था अमेरिका, अब कर रहा फायरिंग करवाने और रंगदारी के दावे।
HighLights
अनिल पंडित डंकी रूट से अमेरिका जाकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा
पानीपत सहित हरियाणा में रंगदारी और फायरिंग की घटनाओं में शामिल
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, दिलेर खरकिया हमले की जिम्मेदारी ली
जागरण संवाददाता, पानीपत। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्राफ पर फयरिंग की जिम्मेदारी लेने वाला अनिल पंडित पानीपत के रैरकलां गांव से ताल्लुक रखता है। अनिल कभी गांव में सामान्य जीवन जीता था। उसके पिता कृष्ण लाल पूजा-पाठ का काम करते थे और मां प्रवेश गृहिणी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, अनिल तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा है।
उसकी मंझली बहन शादीशुदा है, जबकि एक छोटा भाई अभिषेक है। परिवार करीब दस वर्ष पहले गांव छोड़कर असंध चला गया था। इसके बाद परिवार करनाल में रहने लगा। हालांकि, त्योहार और परिवार में सुख-दुख के अवसरों पर गांव आना-जाना बना रहता था।
ग्रामीणों के मुताबिक, अनिल वर्ष 2024 में डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा था। हालांकि, उसके अमेरिका जाने के वर्ष को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आई हैं। बताया जाता है कि भारत छोड़ने से पहले उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था, लेकिन अमेरिका पहुंचने के बाद वह लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया और गैंगस्टर हैरी बाक्सर के संपर्क में आ गया। अब हरियाणा में रंगदारी मांगने और फायरिंग की घटनाओं में उसका नाम सामने आने लगा है।
पानीपत में कारोबारियों से रंगदारी मांगने के आरोप
पानीपत में अनिल पंडित पर चार से पांच कारोबारियों को फोन करके लारेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने का आरोप है। 30 सितंबर 2026 को अस्पताल संचालक को विदेशी नंबर से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का वायस मैसेज मिलने की बात सामने आई थी। मामले की जांच एंटी-एक्सटार्शन सेल कर रही है।
इसके अलावा, माडल टाउन में अनेजा पंप के पास एक दुकान के बाहर फायरिंग की घटना के बाद भी अनिल के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पानीपत में उसके खिलाफ 10 मामले दर्ज होने की बात भी कही जा रही है। अनिल पंडित का नाम सोनीपत और करनाल में कारोबारियों से कथित तौर पर रंगदारी मांगने के मामलों में भी सामने आया है।
भिवानी में गायक दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग में भी आया नाम
17 सितंबर 2026 को भिवानी जिले के गांव खरक के पास हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर बाइक सवार हमलावर ने गोलियां चलाई थीं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान संदिग्ध शूटर रोहित उर्फ बूढ़ा को गिरफ्तार किया था। गुरुग्राम में भी कारोबारियों से कथित रंगदारी मांगने के मामलों के संबंध में अनिल पंडित का नाम सामने आने की बात कही जा रही है।
