विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत में हड़ताल पर गए फायरमैन की सेवा समाप्त, पूरे हरियाणा में 11 प्रधान टर्मिनेट; 41 पक्के कर्मचारी सस्पेंड

Published: Fri, 04 Sep 2026 09:25 AM (IST)

पानीपत दमकल केंद्र के अग्निशामक रणबीर की सेवाएं अवैध हड़ताल में शामिल होने और बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के कारण समाप्त कर दी गई हैं।

पानीपत में हड़ताल पर गए फायरमैन की सेवा समाप्त। फाइल फोटो

पानीपत में हड़ताल पर गए फायरमैन की सेवा समाप्त। फाइल फोटो

HighLights

  1. पानीपत के अग्निशामक रणबीर की सेवाएं तत्काल समाप्त।

  2. अवैध हड़ताल में शामिल होने और अनुपस्थिति का आरोप।

  3. निदेशालय ने आवश्यक सेवा में बाधा और अनुशासनहीनता माना।

जागरण संवाददाता, पानीपत। बिना अनुमति के ड्यूटी से गायब रहने और अवैध हड़ताल में शामिल होने पर हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा निदेशालय ने सख्त कार्रवाई की है। निदेशालय ने पानीपत दमकल केंद्र में पालिका रोल पर कार्यरत अग्निशामक एवं दमकल चालक रणबीर की सेवाएं तुरंत प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।

वहीं इस बारे में दमकल कर्मचारी यूनियन प्रधान रणबीर सिंह का कहना है कि प्रदेशभर में 11 प्रधान टर्मिनेट और 41 पक्के कर्मचारी सस्पेंड किए गए हैं। यह कार्रवाई सरकार की तरफ से दबाव बनाने के लिए की गई है। हड़ताल आगे भी जारी रहेगी।

महानिदेशक कार्यालय, पंचकूला की तरफ से आदेश वीरवार को जारी हुए हैं। आदेशों में हवाला दिया है कि संबंधित कर्मचारी 6 अगस्त 2026 से बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति और बिना पूर्व सूचना के लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। आरोप है कि वे गैरकानूनी रूप से यूनियन गतिविधियों में भाग ले रहे थे, हड़ताल पर थे और अन्य कर्मचारियों को भी हड़ताल में शामिल होने के लिए उकसा रहे थे।

निदेशालय ने पत्र में स्पष्ट किया है कि अग्निशमन सेवा अत्यंत आवश्यक सेवा है। धारा 51, अग्निशमन एवं आपातकालीन अधिनियम 2022 के तहत बिना सरकार की पूर्व अनुमति के किसी यूनियन से संबद्ध होना और उसकी गतिविधियों में भाग लेना गैर-कानूनी है।

विभाग का कहना है कि कर्मचारी की इस तरह की कार्य प्रणाली को न केवल आवश्यक सेवा बाधित माना गया है, बल्कि यह घोर अनुशासनहीनता भी है। हरियाणा नागरिक सेवा नियमावली 2016 का उल्लंघन भी है। जनहित की अनदेखी को देखते हुए उन्हें विभाग में बने रहने के योग्य नहीं पाया गया और न्यायसंगत कार्रवाई करते हुए उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।