नेपाल में बाढ़ से पानीपत के टेक्सटाइल कारोबार को तगड़ा झटका, 450 करोड़ का व्यापार बाधित; नए ऑर्डर रुके
नेपाल में आई बाढ़ के कारण पानीपत के टेक्सटाइल उद्योग को भारी नुकसान हुआ है, जिससे 450 करोड़ रुपये का व्यापार बाधित हो गया है।

पानीपत के टेक्सटाइल कारोबार को तगड़ा झटका (फाइल फोटो)
HighLights
नेपाल बाढ़ से पानीपत के टेक्सटाइल उद्योग को भारी नुकसान हुआ।
450 करोड़ रुपये का व्यापार बाधित, नए ऑर्डर ठप हुए।
कंबल, तौलिया जैसे उत्पादों की मांग पर सीधा असर पड़ा।
जागरण संवाददाता, पानीपत। नेपाल में आई बाढ़ के बाद हालात सामान्य नहीं होने का असर अब टेक्सटाइल उद्योग पर दिखाई देने लगा है। नेपाल के बाजार में उद्योग नगरी से जाने वाले कंबल, तौलिया, बेडशीट, दरी, कालीन, थ्रो और ऊनी फ्लोर कवरिंग उत्पादों के नए आर्डर फिलहाल नहीं मिले हैं।
उद्योग नगरी से 450 करोड़ रुपये का टेक्सटाइल व्यापार नेपाल के साथ होता है। यहां के कारखानों में तैयार होने वाले कंबल, थ्रो, तौलिया, बेडशीट, दरी और कालीन नेपाल के बाजार में पहुंचते हैं। इनमें से कई उत्पाद होटल, होम फर्निशिंग और घरेलू इस्तेमाल के लिए सप्लाई किए जाते हैं।
उद्योगपतियों ने बताया कि नेपाल में बाढ़ के बाद सड़क और परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने से पहले से तैयार माल अभी यहीं रुका है। अब स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण कारोबारी नए आर्डर देने से भी बच रहे हैं। जिले के निर्यातकों और टेक्सटाइल इकाइयों पर इसका असर पड़ रहा है।
कारोबारियों को उम्मीद थी कि सर्दियों की मांग को देखते हुए सितंबर से नेपाल से कंबल, थ्रो और अन्य गर्म उत्पादों के ऑर्डर बढ़ेंगे। उद्योगपति नितिन अरोड़ा ने बताया कि नेपाल में सर्दियों के सीजन के लिए सितंबर से ही नए तरह के माल की डिमांड होने लगती है। यहां पर कई जगहों से लोग परिवार के साथ धूमने पहुंचते थे इसलिए वह उद्योग नगरी के कंबल, तौलिया व अन्य टेक्सटाइल सामान की मांग बनी रहती है। अब स्थिति पहले से सही होने लगी है।
