दीवाली की तैयारियों के बीच पानीपत की फैक्ट्री में लगी आग, मजदूर की जिंदा जलकर मौत; बाल-बाल बचे 100 कर्मचारी
पानीपत के राजनगर में एक फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के कारण 20 वर्षीय श्रमिक रिशु की जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
HighLights
पानीपत फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
20 वर्षीय श्रमिक रिशु की जलकर हुई मौत
दीपावली से पहले परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
जागरण संवाददाता, पानीपत। दीवाली पर जहां घरों में खुशियां मनाने और रोशनी करने की तैयारी चल रही है, वहीं पानीपत के राजनगर में एक फैक्ट्री में हुए अग्निकांड ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मंगलवार तड़के फैक्ट्री में मशीन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई।
हादसे में 20 वर्षीय श्रमिक रिशु की जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। जिस उम्र में रिशु के सपने पूरे होने की शुरुआत होनी थी, उसी उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। त्योहार के बीच घर में चीख-पुकार मची है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग
फैक्ट्री कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार तड़के मशीन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। उस समय रिशु नाइट शिफ्ट में काम कर रहा था। फैक्ट्री में उसके साथ 100 से अधिक कर्मचारी भी मौजूद थे। आग लगते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। त्योहार के दौरान भी फैक्ट्री में काम चल रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि सुबह होने से पहले ही इतना बड़ा हादसा हो जाएगा।
रात 3:30 बजे पहुंचे फैक्ट्री मालिक, दमकल की चार गाड़ियों ने बुझाई आग
आग लगने की सूचना मिलने पर फैक्ट्री मालिक रात करीब 3:30 बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक रिशु की जलकर मौत हो चुकी थी। हादसे में एक अन्य श्रमिक भी घायल हो गया।
दीवाली पर घर में पसरा मातम
दीवाली का त्योहार परिवार के लिए खुशियों का अवसर होता है, लेकिन रिशु की मौत ने उसके घर में मातम पसरा दिया। जिस घर में त्योहार की तैयारियां और अपनों के लौटने का इंतजार रहा होगा, वहां अब अपनों को खोने का दर्द है। रिशु की मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।