अब घर बैठे खुद ही आधार में बदल सकेंगे अपना मोबाइल नंबर, UIDAI ने दी नई सुविधा
UIDAI ने आधार ऐप में मोबाइल नंबर अपडेट करने की नई सुविधा शुरू की है, जिससे अब लोग घर बैठे ही अपना नंबर बदल सकेंगे। यह सुविधा उन लोगों के लिए है जिनका ...और पढ़ें

आधार में अब स्वयं बदल सकेंगे मोबाइल नंबर। एआई जेनरेटड तस्वीर।
HighLights
आधार ऐप में मोबाइल नंबर अपडेट की नई सुविधा शुरू
पुराने लिंक नंबर पर ओटीपी से होगा सत्यापन अनिवार्य
₹75 शुल्क के साथ 24 घंटे में अपडेट होगा नंबर
जागरण संवाददाता, पानीपत। आधार कार्ड में मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए अब हर बार आधार केंद्र के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार ऐप में अब स्वयं से मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा शुरू कर दी है। लाभ उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिनका पुराना मोबाइल नंबर आधार से लिंक है, उस पर ओटीपी आएगा।
डाक विभाग में संचालित आधार कार्ड ऑपरेटर दीपक ने बताया कि जिले में 40 से अधिक आधार केंद्र संचालित हैं। नई व्यवस्था के तहत सबसे पहले मोबाइल में आधार ऐप डाउनलोड कर पंजीकरण करना होगा। इसके लिए आधार नंबर दर्ज करने के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद फेस आथेंटिकेशन कर सुरक्षा पिन बनानी होगी।
पंजीकरण होने के बाद ऐप के सर्विसेज सेक्शन में जाकर मोबाइल नंबर अपडेट विकल्प चुनना होगा। यहां पहले पुराने नंबर पर आए ओटीपी से पहचान की पुष्टि होगी। इसके बाद नया मोबाइल नंबर दर्ज कर उस पर भेजे ओटीपी का सत्यापन करना होगा।
अंतिम चरण में फेस आथेंटिकेशन और 75 रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा करने के बाद आवेदन को पांच मिनट में पूरा हो जाएगा। आवेदन स्वीकार होने पर सामान्यत: 24 घंटे में नया मोबाइल नंबर आधार रिकॉर्ड में अपडेट हो जाएगा।
खबरें और भी
पहले यह सुविधा थी
पहले आधार ऐप से केवल पता अपडेट कर सकते थे। मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए आधार केंद्र जाकर बायोमीट्रिक सत्यापन कराना अनिवार्य था। अब आधार ऐप में मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा भी जोड़ दी है।
आधार ऐप में मोबाइल नंबर अपडेट की सुविधा शुरू होने से लोगों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए बार-बार आधार केंद्र नहीं आना पड़ेगा। ये सुविधा केवल उन्हीं लोगों के लिए है, जिनका पुराना मोबाइल नंबर आधार से पंजीकृत है।- संदीप धीमान, पोस्ट मास्टर, मुख्य डाकघर, पानीपत।