Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'जितना काम करता हूं, उतनी ही मेरी टांग खिंचाई होती है', रेवाड़ी में प्रभारी के सामने कैप्टन अजय यादव हुए भावुक

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 11:55 AM (GMT+05:30)

    रेवाड़ी में कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के दौरे के दौरान गुटबाजी खुलकर सामने आई, जहां कैप्टन अजय यादव और चिरंजीव राव ने अपनी उपेक्षा पर दर्द बयां किया। ...और पढ़ें

    दो दिवसीय दौरे पर रेवाड़ी पहुंचे प्रभारी संजय दत्त के सामने कांग्रेस की गुटबाजी उजागर हुई।

    दो दिवसीय दौरे पर रेवाड़ी पहुंचे प्रभारी संजय दत्त के सामने कांग्रेस की गुटबाजी उजागर हुई।

    HighLights

    1. प्रभारी संजय दत्त के सामने कांग्रेस की गुटबाजी उजागर हुई।

    2. कैप्टन अजय यादव और चिरंजीव राव ने उपेक्षा पर दर्द बयां किया।

    3. नेताओं के बीच चाय पर सुलह कराई गई।

    जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। कांग्रेस की गुटबाजी रेवाड़ी में फिर उजागर हो गई है। कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को एकजुटता का संदेश देने के लिए दो दिवसीय दौरे पर शनिवार देर शाम जिमखाना क्लब पहुंचे प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के सामने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अजय यादव और उनके बेटे पूर्व विधायक चिरंजीव राव का दर्द छलक गया।

    कुछ पल के लिए कैप्टन भावुक भी हो गए। कैप्टन ने कहा, जिन्हें मैंने ग्रामीण अध्यक्ष बनवाया, आज वही मेरे बारे में कहते हैं कि मैं ब्लाक अध्यक्ष भी नहीं बन सकता। जितना काम करता हूं, उतनी ही मेरी टांग खिंचाई होती है। इतना ही नहीं कैप्टन ने जिला ग्रामीण अध्यक्ष द्वारा लगवाए गए पोस्टर से स्वयं और चिरंजीव राव के फोटो गायब नहीं होने का मामला भी उठाया।

    कैप्टन के भाषण के वक्त कुछ देर के लिए हूटिंग भी हुई। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया। वहीं कार्यक्रम के दौरान ही कैप्टन के समर्थक ज्ञानी यादव और कांग्रेस नेता दीवान सिंह चौहान भी आपस में भिड़ गए। दोनों की बहसबाजी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।

    इस पूरे घटनाक्रम के बाद रविवार सुबह दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित एक होटल में ठहरे प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पूर्व विधायक चिरंजीव राव के अलावा ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष छाबड़ी व शहरी अध्यक्ष प्रवीण चौधरी उर्फ शालू को बुलाकर एक साथ बैठाकर चाय पिलाई और पूरे मामले का पैचअप कराया।

    खबरें और भी

    चिरंजीव राव बोले-मुझे कार्यक्रम की सूचना तक नहीं दी

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेवाड़ी के पूर्व विधायक, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चिरंजीव राव ने कहा, मैं यहां से विधायक रह चुका हूं। पिछला विधानसभा चुनाव भी मैंने इसी सीट से लड़ा। मेरे विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी और प्रदेशाध्यक्ष आ रहे हैं, लेकिन मुझे किसी ने सूचना तक नहीं दी। चिरंजीव राव ने कहा, प्रदेश में कांग्रेस काफी मजबूत है। वैसे भाजपा को हराने का काम होना चाहिए, लेकिन यहां हम अपने ही हरा रहे हैं।

    अलग-अलग सेशन में पदाधिकारियों से की बात

    दरअसल, शनिवार की रात्रि जिमखाना क्लब में प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने सबसे पहले शहरी पदाधिकारियों से बात की। इसके बाद रविवार सुबह ग्रामीण क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। दोपहर और शाम के समय कोसली व बावल के पदाधिकारियों से बात करते हुए फीडबैक लिया। अलग-अलग सेशन में विधानसभा वाइज सभी बड़े नेता और पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

    इस प्रकार की छोटी मोटी बातें होती रहती है। कांग्रेस बहुत बड़ी पार्टी है। हम सब कांग्रेस के सिपाही हैं। मैंने पार्टी के मंच पर अपनी बात रखी है।


    -

    - कैप्टन अजय यादव, पूर्व मंत्री

    कार्यक्रम में इस प्रकार का कुछ नहीं हुआ। कैप्टन साहब बड़े नेता है। यहां तक पोस्टर से फोटो गायब होने का सवाल है, तो यह प्रिंटिंग प्रेस वाले की गलती के कारण हुआ।


    -

    - सुभाष छाबड़ी, अध्यक्ष, ग्रामीण, रेवाड़ी