रेवाड़ी डबल मर्डर: कांवड़ यात्रा विवाद में दो युवकों की कर दी थी हत्या, मुख्य आरोपित तरुण गिरफ्तार
रेवाड़ी के गोकलपुर में हुए दोहरे हत्याकांड में मुख्य आरोपित तरुण उर्फ टीका को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ...और पढ़ें

डबल मर्डर का आरोपित तरुण गिरफ्तार।
HighLights
गोकलपुर डबल मर्डर में आरोपित तरुण उर्फ टीका गिरफ्तार।
सोशल मीडिया विवाद और कांवड़ यात्रा से शुरू हुआ झगड़ा।
हिमेश और जतिन को बेरहमी से कुचलकर, पीटकर मारा।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। तीन दिन पहले गोकलपुर के पास दो युवकों की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपित तरुण उर्फ टीका को गिरफ्तार कर लिया है। वह गांव बुडानी का रहने वाला है। पूछताछ में उसने इस दोहरे हत्याकांड की वजह से भी पर्दा उठा दिया है।
तरुण के मुताबिक, दोनों गुटों के बीच इंटरनेट मीडिया पर एक-दूसरे के विरुद्ध टिप्पणियों और पोस्ट के माध्यम से भी खींचतान चलती रही थी। पांच अगस्त को दोनों गुटों के युवक जब हरिद्वार से डाक कांवड़ लेने जा रहे थे तो रास्ते में विवाद हो गया था। हालांकि उस समय तो मामला सुलझ गया था, लेकिन बाद में एक-दूसरे गुट ने बदला लेने की धमकी दी हुई थी।
पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपित तरुण को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अब तक 35 से अधिक ठिकानों पर दबिश दी जा चुकी है।
पुलिस की चार टीमें इस पूरे मामले को सुलझाने में लगी हुई है। पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर दोनों पक्षों की गतिविधियों और संपर्कों को खंगालते हुए उनकी पूरी कुंडली तैयार की है। जांच में दोनों गुटों से जुड़े कई ऐसे युवकों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके विरुद्ध पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इन सभी की भूमिका की जांच कर रही है।
हिमेश के शरीर पर 18, जतिन पर 22 चोट के निशान....
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्याकांड की भयावहता भी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, हिमेश के शरीर पर चोट के 18 और जतिन के शरीर पर चोट के 22 निशान पाए गए। इससे स्पष्ट है कि हमलावरों ने दोनों युवकों पर बेरहमी से हमला किया था।
पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियारों और वाहनों की भी तलाश कर रही है। दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले आसलवास गांव के कुछ युवकों की भूमिका सामने आई है। इनमें कई युवकों पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस इनका आपराधिक रिकार्ड खंगालने के साथ ही वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
थार और स्कॉर्पियों से कुचलने के बाद बेरहमी से कर दी थी हत्या...
21 अगस्त को गांव बुडाना का रहने वाला यशपाल, निगानियावास का रहने वाला हिमेश और मांढैया का रहने वाला जतिन उर्फ सिकंदर बुडाना चौक पर खड़े हुए थे। इसी दौरान स्कार्पियों, थार और कई बाइकों पर सवार होकर आए युवकों ने उन पर हमला कर दिया था।
आरोपितों से बचने के लिए जब तीनों बाइक पर गोकलपुर की तरफ भागे तो आरोपितों ने थार से टक्कर मार कर तीनों को सड़क पर गिरा दिया था। मामूली चोट होने के कारण यशपाल तो भाग गया, लेकिन आरोपितों ने हिमेश और जतिन को पहले कार से कुचला और फिर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था।
