रेवाड़ी में झमाझम बारिश से बिगड़े हालात, मंडी में रखा बाजरा भीगा; ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली ठप
रेवाड़ी में अर्णब चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के कारण लगातार भारी वर्षा हुई, जिससे तापमान 10 डिग्री से नीचे आ गया और शहर में जलभराव हो गया।

अर्णब चक्रवात और विक्षोभ का असर।
HighLights
रेवाड़ी में भारी वर्षा से तापमान 10 डिग्री से नीचे।
नई अनाज मंडी में सैकड़ों क्विंटल बाजरा वर्षा में भीगा।
शहर में तीन ट्रांसफार्मरों पर गिरी आसमानी बिजली।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी जिले में अर्णब चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण लगातार दूसरे दिन भी शुक्रवार सुबह से ही वर्षा की झड़ी लगी हुई है। इससे पहले रातभर हुई झमाझम वर्षा से शहर में जगह जगह जलभराव हो गया है।
लगातार वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान 80 एमएम वर्षा हो चुकी है। वर्षा से जहां मौसम ठंडा हो गया, वहीं शहर के कई हिस्सों में जलभराव होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मंडी में बाजरे की आवक अधिक
वर्षा का असर रेवाड़ी की नई अनाज मंडी में भी देखने को मिला। मंडी में बाजरे की आवक अधिक होने और उठान की रफ्तार धीमी रहने के कारण खुले आसमान के नीचे रखा सैकड़ों क्विंटल बाजरा वर्षा में भीग गया।
इससे किसानों और आढ़तियों की चिंता बढ़ गई है। मंडी में पहले से ही बाजरे के उठान में देरी के कारण ढेरियां लगी हुई हैं। ऐसे में लगातार वर्षा होने से अनाज को सुरक्षित रखना चुनौती बन गया है।
तीन जगह ट्रांसफार्मरों पर गिरी बिजली
वर्षा के दौरान देर रात शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर आसमानी बिजली गिरने से बिजली निगम को भी नुकसान हुआ है। शुक्रपुरा स्थित लाल मस्जिद क्षेत्र, नई आबादी और कालका रोड पर बिजली के ट्रांसफार्मरों पर आसमानी बिजली गिर गई। इससे तीनों स्थानों पर ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रांसफार्मरों को नुकसान पहुंचने से संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
