विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में सोलर कनेक्शन लेना हुआ आसान, अब बिजली बिल में ही जुड़ जाएगी नेट मीटर और लोड एन्हांसमेंट की राशि

Published: Thu, 13 Aug 2026 05:22 AM (IST)

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब उपभोक्ताओं को नेट मीटर और लोड बढ़ाने की फीस अलग से जमा ...और पढ़ें

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब उपभोक्ताओं को नेट मीटर और लोड बढ़ाने की फीस अलग से जमा नहीं करनी होगी।

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब उपभोक्ताओं को नेट मीटर और लोड बढ़ाने की फीस अलग से जमा नहीं करनी होगी।

HighLights

  1. नेट मीटर और लोड फीस अब बिल में जुड़ेगी।

  2. अलग से फीस जमा करने की जरूरत नहीं होगी।

  3. रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन प्रक्रिया में आएगी तेजी।

गोबिंद सिंह, रेवाड़ी। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटाप सोलर लगवाने वाले उपभोक्ताओं के लिए निगम ने बड़ी राहत दी है। अब उपभोक्ताओं को नेट मीटर और लोड बढ़ाने की फीस अलग से जमा नहीं करानी होगी। यह राशि सीधे पहले बिजली बिल में जुड़कर आएगी। मुख्यालय की तरफ से इस संबंध में अधीक्षण अभियंता को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।निगम की तरफ से योजना के तहत रूफटॉप सोलर इंस्टालेशन की प्रक्रिया को तेज करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

नए प्रविधान के तहत उपभोक्ताओं के पास भुगतान के दो विकल्प होंगे। वह चाहें तो आवेदन के समय ही नेट मीटर और लोड एन्हांसमेंट की एसीडी(अग्रिम भुगतान राशि) फीस मौके पर जमा कर सकते हैं। दूसरा विकल्प यह है कि सोलर प्लांट कमीशन होने के बाद आने वाले पहले बिजली बिल में यह राशि जोड़ी जाए। इसके लिए निगम ने सोलर पोर्टल पर पहले ही प्रविधान कर दिया गया है।जिले में अभी तक 8800 उपभोक्ता रूफटाप सोलर लगवा चुके हैं।अभी तक जिले में 11 हजार उपभोक्ता आवेदन कर चुके हैं।

भुगतान के नए विकल्प से आएगी तेजी

प्रक्रिया के अनुसार सोलर कमीशनिंग के बाद संबंधित एसडीओ इन चार्जेज का संडरी बिल तैयार करेगा और एसई या सीबीओ आफिस को भेजेगा। एसई या सीबीओ इसे उपभोक्ता के पहले बिजली बिल में शामिल करेगा। क्रास चेकिंग के लिए कमर्शियल विंग एमआइएस रिपोर्ट सीबीओ को देगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कमीशनिंग के तुरंत बाद बिल में राशि जुड़ गई है।पहले उपभोक्ताओं को अलग से फीस जमा कराने के लिए चक्कर काटने पड़ते थे, जिससे योजना की गति धीमी थी। अब बिल में ही भुगतान का विकल्प मिलने से अधिक लोग सोलर लगवाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

अब उपभोक्ताओं को सोलर कनेक्शन हेतु आवेदन करने के लिए अलग से लोड बढ़वाने का आवेदन करने की जरूरत नहीं है। अब निगम की तरफ से सोलर आवेदन पर ही लोड बढ़ाया जा रहा है।इससे उपभोक्ताओं को साेलर कनेक्शन लेने में आसानी हो जाएगी।
- धर्मेंद्र रूहिल, कार्यकारी अभियंता हरियाणा बिजली वितरण निगम