हर महीने बनेगी 3 करोड़ यूनिट बिजली, रेवाड़ी में 9000 घरों की छतों पर लगे सोलर पैनल
रेवाड़ी में 9,000 से अधिक घरों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगे हैं, जो हर माह लगभग तीन करोड़ यूनिट बिजली ...और पढ़ें

हर माह लगभग तीन करोड़ यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। AI जनरेटेड
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी जिले में रूफटॉप सोलर सिस्टम का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लोग अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं। इससे न केवल मासिक बिजली बिल में कमी आई है, बल्कि बिजली निगम के पारंपरिक लोड में भी कुछ हद तक राहत मिली है।
बिजली निगम के आकड़ों के अनुसार, जिले में अभी तक 9 हजार से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित हो चुके हैं। इन सिस्टमों से हर माह लगभग तीन करोड़ यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है।
जिले में अभी तक करीब 12 हजार लोगों ने बिजली वितरण निगम के पास रूफॉप सोलर पैनल कनेक्शन के लिए आवेदन किए हैं। वहीं निगम की तरफ से बचे हुए आवेदनों पर जल्द कार्रवाई के लिए एजेंसियों को निर्देशित किया जा रहा है।
70 से 80 प्रतिशत तक घट रहे बिजली बिल
लोग सोलर ऊर्जा से अपनी जरूरत की बिजली खुद पैदा कर रहे हैं और अतिरिक्त बिजली को निगम के ग्रिड में भेज रहे हैं।प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और हरियाणा सरकार की सब्सिडी योजनाओं के कारण सोलर सिस्टम लगवाने वालों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है।
घरेलू उपभोक्ताओं को तीन किलोवाट तक के सिस्टम पर सब्सिडी मिल रही है। एक बार सोलर लगने के बाद उपभोक्ताओं का मासिक बिजली बिल 70 से 80 प्रतिशत तक कम हो जाता है। कई घरों में तो बिल शून्य हो गया है।
5 से 7 प्रतिशत तक हर वर्ष हो जाती है लोड में बढ़ोतरी
शहरी क्षेत्र के अलावा अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी किसान और आम लोग सोलर की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। लोग इसे एक बेहतर निवेश के रूप में देख रहे हैं, क्योंकि चार से पांच साल में सोलर की लागत वसूल हो जाती है और उसके बाद 20 साल तक मुफ्त बिजली मिलती है।
बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि सोलर सिस्टम बढ़ने से पारंपरिक लोड में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन जिले में हर साल पांच से सात प्रतिशत तक लोड में बढ़ोतरी भी हो रही है। एसी, कूलर, इलेक्ट्रिक वाहन और औद्योगिक इकाइयों के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सोलर ऊर्जा लोड को संतुलित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
निगम उपभोक्ताओं से कर रहा है अपील
निगम की तरफ से पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह अधिक से अधिक संख्या में रूफटाप सोलर सिस्टम लगवाएं। इससे न केवल उनका बिल कम होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। निगम द्वारा सोलर कनेक्शन की प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है।
निगम की तरफ से सोलर कनेक्शन जल्द से जल्द जारी करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। संबंधित एजेंसियों से समय-समय पर रिपोर्ट भी ली जा रही है। सोलर कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। - विजयपाल, अधीक्षण अभियंता बिजली वितरण निगम
