रेवाड़ी में भीषण गर्मी में पानी की किल्लत, सेक्टरों में बदला सप्लाई का शेड्यूल; क्या है नई टाइमिंग?
रेवाड़ी में भीषण गर्मी के कारण पेयजल संकट गहरा गया है, जिसके चलते हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने सेक्टरों के लिए नया पानी आपूर्ति शेड्यूल जारी ...और पढ़ें

HighLights
रेवाड़ी के सेक्टरों में भीषण गर्मी से पानी की किल्लत।
HSVP ने जारी किया नया पानी आपूर्ति शेड्यूल।
पानी बर्बाद करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। भीषण गर्मी के बीच शहर में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। कॉलोनियों के बाद अब सेक्टरों में भी पानी की किल्लत बढ़ने लगी है। हालात को देखते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने बृहस्पतिवार को सेक्टरों के लिए नया पानी आपूर्ति शेड्यूल जारी किया है।
एचएसवीपी अधिकारियों के अनुसार, गर्मी और बढ़ती मांग के कारण जलापूर्ति संतुलित रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। नए शेड्यूल के तहत सेक्टर-1 और सेक्टर-3 पार्ट-2 में शाम 5:30 बजे से 7:30 बजे तक पानी दिया जाएगा।
सेक्टर-3 पार्ट-1 में शाम छह से आठ बजे तक, जबकि सेक्टर-4 में सुबह पांच से 7:30 बजे तक आपूर्ति होगी। इसी तरह सेक्टर-18 में शाम छह बजे से 7:30 बजे तक और सेक्टर-19 में सुबह सात से आठ बजे तक पानी मिलेगा।
यह शेड्यूल तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और उपभोक्ताओं को इसी अनुसार पानी का उपयोग करना होगा। बता दें कि जनस्वास्थ्य विभाग की तरह ही एचएसवीपी के वाटर टैंकों में भी पानी कम हो गया है, जिसकी वजह से पानी सप्लाई को लेकर नया शेड्यूल जारी किया गया है।
पानी की बर्बादी मिली तो होगी सख्त कार्रवाई
एचएसवीपी ने चेतावनी भी जारी की है कि जहां भी पानी की बर्बादी पाई गई, वहां संबंधित उपभोक्ता का कनेक्शन काट दिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में पाइप लाइन लीकेज, खुले नल और अनावश्यक उपयोग के कारण पानी बर्बाद हो रहा है, जिससे अन्य क्षेत्रों में सप्लाई प्रभावित हो रही है।
खबरें और भी
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी में पानी की मांग कई गुना बढ़ गई है, लेकिन सप्लाई सीमित समय के लिए ही हो रही है। इससे घरेलू कामकाज और रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं।
पानी की बर्बादी न करें उपभोक्ता
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एसडीओ अशोक शर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें और बर्बादी रोकने में सहयोग करें। साथ ही लीकेज या अनियमितता दिखने पर तुरंत एचएसवीपी कार्यालय को सूचित करने की बात कही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांग और आपूर्ति में संतुलन नहीं बनता, तब तक शेड्यूल के अनुसार ही पानी दिया जाएगा।