Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रोहतक में बहू पर गलत नजर रखता था ससुर, विरोध करने पर पीट-पीटकर मार डाला; मर्डर को बताया बंदरों का हमला

    Updated: Sun, 31 May 2026 03:17 PM (IST)

    रोहतक की न्यू राजेंद्रा कॉलोनी में दो बेटियों की मां ज्योति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। ससुराल वालों ने इसे बंदरों के हमले से छत से गिरने का रूप देने ...और पढ़ें

    बहू की हत्या कर ससुराल वालों ने रची 'बंदरों के हमले' की झूठी कहानी, ससुर, सास और पति पर केस दर्ज।

    बहू की हत्या कर ससुराल वालों ने रची 'बंदरों के हमले' की झूठी कहानी, ससुर, सास और पति पर केस दर्ज।

    HighLights

    1. बहू ज्योति की हत्या, ससुराल वालों पर दहेज व छेड़छाड़ का आरोप

    2. ससुर, सास और पति पर हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

    3. हत्या को बंदरों के हमले से गिरने का रूप देने की कोशिश

    जागरण संवाददाता, रोहतक। न्यू राजेंद्रा कॉलोनी में शुक्रवार देर रात दो बेटियों की मां ज्योति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। ससुराल पक्ष ने मामले को दबाने के लिए इसे बंदरों के हमले के कारण छत से गिरकर हुई मौत का रूप देने की कोशिश की, लेकिन मृतका के मायके वालों ने ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्वजनों का आरोप है कि ससुर ज्योति पर गलत नजर रखता था और उसके साथ छेड़छाड़ करता था।

    विरोध करने पर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतका के पति कृष्ण, ससुर राजबीर और सास रानी के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।

    दहेज और बेटियां होने पर प्रताड़ना

    गांव निंदाना निवासी पवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी ज्योति की शादी 17 जुलाई 2018 को दुबलधन माजरा निवासी कृष्ण के साथ हुई थी, जो अब रोहतक की न्यू राजेंद्रा कॉलोनी में रह रहे थे। शादी के कुछ समय बाद ही दहेज के लिए ज्योति को प्रताड़ित किया जाने लगा। जब ज्योति को पहली बेटी हुई, तो ससुराल वाले उसे सिविल अस्पताल में ही छोड़कर भाग गए।

    2021 में दूसरी बेटी पैदा होने पर भी झगड़ा कर उसे घर से निकाल दिया गया। झगड़ा होने के बाद ज्योति लगातार तीन महीने तक अपने मायके में ही रही थी। दोनों बार पति कृष्ण और उसकी मौसी का लड़का रविंद्र मायके जाकर गलती मानकर ज्योति को वापस लाए थे।

    महिला थाने तक पहुंचा था मामला

    ज्योति के साथ आए दिन मारपीट होती थी। एक बार उसने 112 नंबर पर भी शिकायत की थी। वर्ष 2024 में ससुर, सास और पति ने ईंट से हमला कर ज्योति का सिर फोड़ दिया था, जिसकी शिकायत महिला थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन बाद में राजीनामा हो गया। इसके बाद भी प्रताड़ना जारी रही। एक बार पति ने उस पर चाकू फेंककर मारा, जिससे पैर में चोट आई। दहेज की मांग पूरी करने के लिए मायके वालों ने अंगूठी और चेन भी दी थी।

    खबरें और भी

    ससुर कहता था- मेरी लुगाई बनकर रह

    स्वजनों का आरोप है कि ससुर राजबीर ज्योति के साथ गलत हरकतें और छेड़छाड़ करता था। उसने ज्योति से यहां तक कहा था कि तू मेरी लुगाई बनकर रह, घर की बात घर में रह जाएगी। मृतका की बहन रेखा ने बताया कि 15-16 फरवरी को जब वह अपनी शादी का सामान लेने ज्योति के घर गई थी, तब ससुर ने कुल्हाड़ी से ज्योति पर हमला किया था, जिसमें वह बाल-बाल बची। इस घटना की गवाही ज्योति की दोनों बेटियों ने भी पुलिस को दी है।

    साजिश के तहत की हत्या

    ज्योति के भाई रमेश ने बताया कि 29 मई को पड़ोसियों से सूचना मिली कि ज्योति को गंभीर चोटें आई हैं। जब वे मौके पर पहुंचे, तो ज्योति खून से लथपथ पड़ी थी। आरोप है कि ससुर राजबीर, सास रानी और पति कृष्ण ने मिलीभगत कर उसकी हत्या की है। आरोपी ससुर अक्सर धमकी देता था कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।

    प्रताड़ना से हत्या तक का घटनाक्रम

    17 जुलाई 2018: दुबलधन माजरा निवासी कृष्ण के साथ ज्योति की शादी हुई।
    पहली बेटी का जन्म: ससुराल वाले ज्योति को सिविल अस्पताल में ही अकेला छोड़कर भाग गए।
    2021 (दूसरी बेटी का जन्म): दूसरी लड़की होने पर ताने मारे और झगड़ा कर ज्योति को घर से निकाला।
    2024: सास, ससुर और पति ने ईंट से सिर पर वार किया; मामला महिला थाने पहुंचा, पर बाद में राजीनामा हुआ।