विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'देश को जाति-धर्म के नाम पर बांट रही BJP, खड़गे से मांगे माफी'; रोहतक में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

Updated: Fri, 14 Aug 2026 10:55 PM (IST)

रोहतक में कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल को गंगाजल से धोने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। भूपेंद्र हुड्डा ने इसे दलितों और संविधान में विश्वास रखने वालों का अपमान बताते हुए भाजपा से माफी और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

देश को जाति धर्म के नाम पर बांट रही भाजपा खड़गे से मांगे माफी: हुड्डा

देश को जाति धर्म के नाम पर बांट रही भाजपा खड़गे से मांगे माफी: हुड्डा

HighLights

  1. खड़गे के कार्यक्रम स्थल को गंगाजल से धोने का विरोध।

  2. भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में रोहतक में कांग्रेस का प्रदर्शन।

  3. हुड्डा ने इसे दलितों और संविधान का अपमान बताया।

जागरण संवाददाता, रोहतक। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल को गंगाजल से धोने के मामले के विरोध में शुक्रवार को रोहतक में कांग्रेस ने जोरदार रोष प्रदर्शन किया।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर की प्रतिमा से मार्च शुरू किया और माडल टाउन स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचकर सत्याग्रह किया। इस दौरान भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलितों, वंचितों और संविधान में विश्वास रखने वाले लोगों का अपमान है। किसी वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता के कार्यध्क्रम स्थल को गंगाजल से धोने जैसी घटना भाजपा की संकीर्ण और विभाजनकारी मानसिकता को दर्शाती है। कांग्रेस ऐसी मानसिकता को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और देश के वरिष्ठ नेता के प्रति भाजपा की यह दूषित मानसिकता कतई बर्दाश्त के काबिल नहीं है दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज हो और कानूनी कार्यवाही की जाए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य और हरियाणा के विकास से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए, लेकिन जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने के लिए भावनात्मक और विभाजनकारी मुद्दों को आगे किया जा रहा है। इस दौरान विधायक भारत भूषण बत्रा, कलानौर विधायक शकुंतला खटक, महम विधायक बलराम दांगी, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा, पूर्व विधायक संत कुमार ने भी विचार रखे।