मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के विरोध में रोहतक में BJP का मार्च, राहुल और सोनिया गांधी से मांगा जवाब
रोहतक में भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के विरोध में विरोध मार्च निकाला।
-1793096446872_m.webp)
खरगे की टिप्पणी पर रोहतक में भाजपा का विरोध मार्च, राहुल-सोनिया से मांगा जवाब।
HighLights
खरगे की टिप्पणी के विरोध में रोहतक में भाजपा का मार्च।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर साधा निशाना।
राहुल और सोनिया गांधी से जवाब की मांग की।
जागरण संवाददाता, रोहतक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाला गया। मार्च किशनपुरा स्थित भाजपा लोकसभा कार्यालय से शुरू होकर बस स्टैंड के पास श्रीराम शर्मा पार्क तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ रोष जताया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राजनीतिक मतभेद किसी के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं देते। लोकतंत्र में विरोध नीतियों, विचारों और कार्यों के आधार पर होना चाहिए। किसी के परिवार को राजनीतिक विवाद में घसीटना सार्वजनिक जीवन की मर्यादा के विरुद्ध है।
वहीं, इससे पूर्व डॉ. अर्चना गुप्ता जिला प्रशासन की ओर से राज्य सरकार की संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत स्थानीय पाड़ा मोहल्ला स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर में आयोजित महर्षि वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची।
डॉ. अर्चना ने आरोप लगाया कि खरगे की टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने और जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सरकार की नीतियों और कार्यों पर तथ्यपूर्ण चर्चा करनी चाहिए। व्यक्तिगत टिप्पणियों से जनता के मुद्दों का समाधान नहीं होता और राजनीतिक संवाद का स्तर भी गिरता है।
मार्च में भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, सतीश नांदल, नागेंद्र शर्मा, रवि बतान, राजबाला, विजयपाल, मदन गोयल, अक्षित दहिया, अजय खुंडिया और शमशेर खरक सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।