विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतक के 4 लोगों के लिए काल बनी उत्तराखंड ट्रिप... देहरादून सड़क हादसे में मौत; वाहनों के उड़े परखच्चे

Published: Thu, 20 Aug 2026 03:31 PM (IST)

देहरादून के डोईवाला में हुए सड़क हादसे में रोहतक के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल ...और पढ़ें

देहरादून सड़क हादसे में शहर के चार लोगों की मौत, घूमने के लिए निकले थे।

देहरादून सड़क हादसे में शहर के चार लोगों की मौत, घूमने के लिए निकले थे।

HighLights

  1. रोहतक के चार लोगों की देहरादून में मौत

  2. डोईवाला में मणिमाई मंदिर के पास हुआ हादसा

  3. मृतकों में नरेश, विनोद, सोमपाल, नवीन शामिल

जागरण संवाददाता, रोहतक। देहरादून के डोईवाला में मणिमाई मंदिर के पास बुधवार सुबह साढ़े 10 बजे हुए सड़क हादसे में रोहतक के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही रोहतक में मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि सभी लोग घूमने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में जान गंवाने वालों में रेलवे रोड निवासी नरेश जैन, आर्य नगर निवासी विनोद, रेलवे रोड निवासी सोमपाल और गढ़ी मोहल्ला निवासी नवीन शामिल है।

जानकारी के अनुसार रेलवे रोड निवासी सोमपाल अपनी इको वैन गाड़ी से परिवार और परिचितों को घुमाने के लिए लेकर गए थे। हादसे के समय गाड़ी सोमपाल ही चला रहे थे। सोमपाल के परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही उनके घर में मातम पसर गया। हादसे में रेलवे रोड निवासी नरेश की भी मौत हो गई।

नरेश आत्माराम जैन हलवाई की दुकान पर काम करते थे और इनके पिता कुछ समय पहले तक कचौरी की रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। नरेश के परिवार में पत्नी के अलावा चार साल का बेटा और आठ साल की बेटी है। उनकी मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।

परिवार में 15 दिन पहले भी हुई थी महिला की मौत

परिजनों के अनुसार नरेश के परिवार पर करीब 15 दिन पहले ही दुखों का पहाड़ टूट चुका था। करीब दो सप्ताह पहले परिवार में एक महिला की मौत हुई थी। अभी परिवार उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि सड़क हादसे में नरेश की मौत हो गई। एक के बाद एक हुई इन घटनाओं से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यह भी पढ़ें- असम में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की कार एक्सीडेंट में मौत, ड्रग्स स्मगलिंग एंगल से हो रही जांच

एक की हालत बनी है गंभीर

वहीं, आर्य नगर निवासी विनोद की भी हादसे में मौत हुई है। विनोद के परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गढ़ी मोहल्ला निवासी नवीन भी हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं। नवीन ड्राइवर के रूप में काम करते थे और परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग करते थे।

हादसे में रोहतक के ही दो अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना के बाद रोहतक से परिजन देहरादून के लिए रवाना हो गए। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। हादसे की सूचना से रेलवे रोड, आर्य नगर और गढ़ी मोहल्ला क्षेत्र में शोक की लहर है।

यह भी पढ़ें- कानपुर में स्टंटबाजी बनी काल... स्टंटबाज बाइकर्स गैंग ने छीन ली युवा इंजीनियर की जिंदगी, सामने से बाइक में मारी टक्कर