हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के तार रोहतक से जुड़े, गोगी गैंग के शूटर रडार पर; तलाश में 8 टीमें सक्रिय
शामली में सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच हरियाणा के रोहतक, हिसार और करनाल तक पहुंच गई है, जहां पुलिस गोगी गैंग के शूटरों की तलाश कर रही है।

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड। फाइल फोटो
HighLights
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच हरियाणा के तीन जिलों तक पहुंची।
शामली पुलिस और मेरठ एसटीएफ गोगी गैंग के शूटरों की तलाश में।
रोहतक, हिसार, करनाल में जमानत पर छूटे शूटर रडार पर।
जागरण संवाददाता, रोहतक। उत्तर प्रदेश के शामली में सिंगर अंकित बालियान के मर्डर की जांच अब हरियाणा के तीन जिलों तक पहुंच गई है। शामली पुलिस और मेरठ एसटीएफ की टीमें पिछले चार दिनों से रोहतक, हिसार और करनाल में शूटरों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
जांच में सामने आया है कि हत्या को अंजाम देने वाले शूटर इन जिलों से जुड़े हो सकते हैं। रोहतक और हिसार के संदिग्ध शूटरों के नाम अभी पुलिस ने सार्वजनिक नहीं किए हैं, जबकि करनाल के दोनों शूटर्स की पहचान किए जाने का दावा किया गया है।
पुलिस के अनुसार, छह अगस्त की शाम चार बदमाशों ने अंकित बालियान को गोलियां मारकर मर्डर किया था। सीसीटीवी में चार युवक दिखाई दिए थे, जिनमें दो पीले गमछे पहने थे। वारदात के बाद वे गैंग का नाम चिल्लाते हुए भी नजर आए।
मर्डर के बाद हरियाणा की तरफ भागे थे आरोपित: जांच में सामने आया कि मर्डर करने के बाद आरोपित हरियाणा की ओर निकले थे। सीसीटीवी में एक आरोपित फोन पर बात करता भी दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी।
जमानत पर आए शूटर्स भी रडार पर
मेरठ एसटीएफ रोहतक, करनाल और हिसार में गोगी गैंग से जुड़े उन शूटर्स की जानकारी जुटा रही है, जो हाल में जमानत पर बाहर आए हैं। उनके संपर्कों की भी जांच की जा रही है। मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि आठ टीमें हरियाणा के विभिन्न जिलों में भेजी गई हैं। पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं और जल्द घटना का राजफाश किया जाएगा।

2021 में रोहिणी कोर्ट में मारा गया था गोगी
पुलिस के अनुसार, गोगी गैंग का नाम दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के कुख्यात गिरोहों में लिया जाता है। गैंग का संबंध गैंगस्टर जितेंद्र गोगी से रहा है। सितंबर 2021 में दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में गोगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद भी उसके नाम से जुड़े गिरोह के सदस्यों पर हत्या, रंगदारी, लूट समेत गंभीर अपराधों के मामले सामने आते रहे हैं।
