Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रोहतक की बहू मेघा चौधरी करेगी भारत का प्रतिनिधित्व, 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए टीम इंडिया में चयन

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 10:52 PM (IST)

    रोहतक की बहू मेघा चौधरी का चयन 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह हांगकांग में होने वाली इस प्रतियोगिता में देश का प्रतिनि ...और पढ़ें

    रोहतक की बहू मेघा चौधरी छठी बार करेंगी एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व।

    रोहतक की बहू मेघा चौधरी छठी बार करेंगी एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व।

    HighLights

    1. मेघा चौधरी का 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन।

    2. हांगकांग में होने वाली चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी मेघा।

    3. यह उनका छठा एशियन स्तर पर भारतीय टीम के लिए प्रदर्शन।

    जागरण संवाददाता, रोहतक। हौसलों की उड़ान तब और ऊंची हो जाती है, जब सपनों के साथ मेहनत और परिवार का साथ भी जुड़ जाए। ऐसा ही कुछ गाजियाबाद की बेटी और रोहतक की बहू मेघा चौधरी ने भारतीय नेटबॉल टीम में शामिल होकर करके दिखाया है। 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए उनका चयन भारतीय टीम में हुआ है।

    चीन के हांगकांग में 8 अगस्त से आयोजित होने वाली 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप में मेघा चौधरी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारतीय टीम के चयन के लिए खानपुर में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें 21 खिलाड़ी शामिल रहे और इनमें से 12 खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम के लिए किया गया, जिसमें मेघा चौधरी ने भी अपनी जगह बनाई।

    बता दें कि इस बार एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप में हरियाणा से चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें रोहतक से मेघा चौधरी देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। मेघा इससे पहले पांच बार एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप में भारत की ओर से खेल चुकी है और अब छठी बार एशियन स्तर पर भारतीय टीम की जर्सी पहनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

    रोहतक के प्रेम नगर निवासी मेघा चौधरी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2007 में नेटबॉल खेलना शुरू किया। उनके परिवार में उनसे पहले कोई भी खेलों से जुड़ा नही था। वर्ष 2010 में भारत में आयोजित कामनवेल्थ गेम्स के लिए महिला नेटबॉल टीम के चयन शिविर में लंबी कद- काठी वाली खिलाड़ियों को मौका दिया गया।

    खबरें और भी

    छह फीट लंबाई होने के कारण मेघा को भी कैंप में शामिल किया गया। कैंप में शानदार प्रदर्शन के दम पर उनका चयन भारतीय टीम में हुआ और उन्होंने कामनवेल्थ गेम्स में भी देश का प्रतिनिधित्व किया। यहीं से उनके खेल करियर की शुरुआत हुई। हालांकि इस बीच कई बार उतार चढ़ाव आए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

    नेटबॉल छोड़ा बॉक्सिंग अपनाई, लेकिन फिर लौट आई अपनी पहली पहचान

    मनवेल्थ गेम्स के बाद टीम गेम होने और घर के आसपास नेटबॉल की पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने के कारण मेघा ने खेल बदलने का फैसला किया। खास बात यह है कि इसी बीच हरियाणा की महिला बाक्सरों से प्रेरित होकर उन्होंने भिवानी में रहकर बॉक्सिंग का प्रशिक्षण लिया। वर्ष 2018 तक उन्होंने बॉक्सिंग की प्रैक्टिस की और सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी जीत हासिल की।

    हालांकि, नेटबॉल के प्रति उनका लगाव कभी कम नहीं हुआ। जब भी अवसर मिलता, वह नेटबॉल का अभ्यास करती रही। वर्ष 2018 में रोहतक में शादी होने और पारिवारिक कारणों के चलते उन्होंने एक बार फिर नेटबॉल को अपना मुख्य खेल बनाया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। नेटबॉल में वापसी के बाद मेघा ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया और अब तक 9 बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी है।

    अब वह एक बार फिर एशियन चैंपियनशिप में भारतीय टीम की ओर से उतरेंगी। मेघा चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पति अमन दहिया और पूरे परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के हमेशा सहयोग रहा जिसके कारण ही वह इस मुकाम तक पहुंच सकी है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए हर बार भारत की जर्सी पहनना गर्व का पल होता है।

    मेरा प्रयास रहेगा कि इस बार भी देश के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करू, उन्होंने कहा कि यदि नेटबॉल जैसे खेलों को भी अन्य खेलों की तरह अधिक सुविधाएं और प्रोत्साहन मिले, तो देश की अनेक बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर सकती है।