हरियाणा में सड़क हादसे का लिया बदला, स्कॉर्पियो को घेरकर फैक्ट्री मालिक की जमकर की पिटाई
रोहतक में सड़क पर हुई टक्कर के विवाद में एक फैक्ट्री मालिक नितिन पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने ...और पढ़ें
-1793186849743_m.webp)
सड़क हादसे का बदला: युवकों ने स्कॉर्पियो घेरकर कारोबारी को राड-डंडों से पीटा। एआई जेनरेटेड तस्वीर
HighLights
फैक्ट्री मालिक नितिन पर जानलेवा हमला हुआ
हमलावरों ने स्कॉर्पियो घेरकर डंडों से पीटा
सोने की चेन छीनी, पुलिस जांच जारी है
जागरण संवाददाता, रोहतक। सड़क पर हुई टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद अगले दिन मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप तक पहुंच गया। माडल टाउन चौकी क्षेत्र में फैक्ट्री मालिक नितिन ने आरोप लगाया कि कार सवार युवकों ने उनकी स्कॉर्पियो एन को आगे और पीछे से घेरकर हमला कर दिया।
डंडों और राड से पीटने के बाद हमलावर उनके गले से पांच तोले की सोने की चेन तोड़कर ले गए। आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। राहगीरों ने घायल नितिन को पीजीआइएमएस में भर्ती कराया। बाद में स्वजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। नितिन की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सामने कार रोककर हमला, पीछे से भी बंद किया रास्ता
छोटू राम कॉलोनी निवासी नितिन की बाईपास पर नट-बोल्ट की डाई बनाने की फैक्ट्री है। शिकायत के मुताबिक, 26 अक्टूबर को सुबह करीब 10:15 बजे वह अपने भाई नवदीप की स्कॉर्पियो एन से सोम स्वीट चौक से चार खंभा चौक जा रहे थे। तभी काली स्विफ्ट कार सामने आकर रुकी।
उसमें से तीन-चार युवक डंडे और राड लेकर उतरे और गाड़ी पर हमला कर दिया। नितिन ने पीछे हटने की कोशिश की तो बिना नंबर प्लेट की दूसरी कार ने रास्ता रोक लिया। युवकों ने उन्हें बाहर खींचकर पीटा। कुछ ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था।
झज्जर चुंगी पर आई-20 से टक्कर के बाद विवाद
नितिन ने आरोप लगाया कि 25 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे झज्जर चुंगी के पास उनकी कार की सफेद आई-20 से टक्कर हुई थी। आइ-20 शिवाजी कॉलोनी निवासी राजू अहलावत चला रहा था।
नितिन ने हमले में राजू के बेटे तनुज अहलावत और उसके साथियों पर संलिप्तता का आरोप लगाया। उन्होंने गाड़ी के डैशबोर्ड में तीन लाख रुपये रखे होने की बात भी कही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।