विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़ से स्कॉर्पियो में 280 KG गांजा लाने वाले दो युवक रोहतक से गिरफ्तार, हरियाणा में करने वाले थे सप्लाई

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:19 PM (IST)

रोहतक पुलिस ने सांपला फ्लाईओवर के नीचे से 280 किलो गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह ...और पढ़ें

280 किलो गांजे के साथ दो लोग गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो)

280 किलो गांजे के साथ दो लोग गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. सांपला फ्लाईओवर के नीचे से 280 किलो गांजा जब्त

  2. आरोपी रोहित और संदीप छत्तीसगढ़ से गांजा लाए थे

  3. दोनों आरोपी जेल में मिले थे और नशा तस्करी करते थे

जागरण संवाददाता, रोहतक। पुलिस की सीआइए-एक की टीम ने सांपला फ्लाईओवर के नीचे से 280 किलो गांजे के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान रोहतक के सिंहपुरा कलां निवासी रोहित और जींद के मालवी गांव निवासी संदीप के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित छत्तीसगढ़ से स्कोर्पियो कार में गांजा लेकर निकले थे और हरियाणा के कई हिस्सों में सप्लाई करने वाले थे। इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पकड़े गए गांजे की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।

दरअसल, एएसआइ विनोद कुमार ने बताया कि सीआईए-एक स्टाफ की टीम दिल्ली-रोहतक रोड के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक स्कार्पियो कार में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लिए हुए है। जो सांपला से होते हुए खरावड़ की ओर जाएंगे। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम अलर्ट हुई और तुरंत बहादुरगढ़ रोहतक रोड नजदीक पालिटेक्निक के सामने फ्लाइओवर सांपला के पास पहुंच गई और नाकाबंदी करने के बाद वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।

दिल्ली की तरफ से आ रहे कार सवार युवकों को शक के आधार पर काबू किया गया। युवकों की पहचान सिंहपुरा कलां निवासी रोहित और जींद के गांव मालवी निवासी संदीप के रुप में हुई।

जब नियमानुसार कार की तलाश ली गई तो कार से कुल 280 किलो 280 ग्राम गांजा, 8 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सांपला थाने में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

कार में रखकर कंबल से छिपाए हुए थे पैकेट 

सीआईए-एक स्टाफ की टीम ने जब स्कार्पियो कार की तलाशी ली तो आरोपितों ने कंबल के नीचे गांजे के पैकेट्स को छिपाया हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने सभी पैकेट को उठाकर उनका वजन किया और आरोपितों से जब इस बारे में पूछताछ की गई तो वह जवाब नहीं दे पाए।

आरोपितों को रिमांड पर लेगी पुलिस 

सीआइए-एक की टीम का कहना है कि आरोपितों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद कोर्ट से आरोपितों के रिमांड की मांग की जाएगी। इसके बाद यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि वह इस गांजे को कहां पर सप्लाई करने वाले थे।

एक आरोपित पर दर्ज है हत्या के तीन मुकदमे

पुलिस का कहना है कि आरोपित संदीप के खिलाफ अलग-अलग थानों में पांच मुकदमे दर्ज है। जिसमें से तीन मुकदमे 302 के है। जबकि, दो मुकदमे आर्म एक्ट के दर्ज है। जबकि, रोहित पर लड़ाई-झगड़े समेत अन्य धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज है।

जेल में हुई थी दो की दोस्ती, शुरू किया नशा तस्करी का काम 

जांच में सामने आया है कि रोहित और संदीप साल 2023 में एक मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में गए थे। यहां दोनों की मुलाकात हुई और इसके बाद दोनों एक-दूसरे के दोस्त बन गए। जिसके बाद दोनों ने जेल से बाहर निकलने के बाद नशा तस्करी का काम शुरु कर दिया। पिछले तीन सालों से दोनों साथ है और नशीले पदार्थों की सप्लाई का काम कर रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत रवाना हुई और कार सवार युवकों को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपितों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और दोनों की मुलाकात जेल में हुई थी। -विनोद कुमार, एएसआइ, सीआइए-एक।