इतिहास रचने की दहलीज पर पहलवान संग्राम सिंह, MMA टाइटल के लिए 19 जुलाई को पाकिस्तानी फाइटर आबिद अली से भिड़ेंगे
पहलवान संग्राम सिंह 19 जुलाई को मलेशिया में एशियन चैंपियन एमएमए टाइटल फाइट में पाकिस्तानी फाइटर मोहम्मद आबिद अली से भिड़ेंगे। ...और पढ़ें

संग्राम सिंह का एमएमए टाइटल फाइट में 19 जुलाई को पाकिस्तानी फाइटर से होगा मुकाबला (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, रोहतक। पहलवान से एमएमए फाइटर बने हरियाणा के संग्राम सिंह 19 जुलाई को मलेशिया में होने वाली एशियन चैंपियन एमएमए टाइटल फाइट में पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली से मुकाबला होगा। इस मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों के साथ-साथ आयोजकों में भी उत्सुकता बनी हुई है।
जीत दर्ज करने पर संग्राम सिंह एशियन एमएमए खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन सकते हैं। दो बार के कामनवेल्थ हैवीवेट चैंपियन रह चुके संग्राम सिंह इससे पहले भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।
अपनी पहली एमएमए फाइट में उन्होंने पाकिस्तान के अली रजा नासिर को महज 90 सेकंड में हराकर सनसनी फैला दी थी। वहीं फरवरी 2024 में दुबई में आयोजित रेसलिंग मुकाबले में उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद सईद को भी शिकस्त दी थी। यह संग्राम सिंह के करियर की चौथी एमएमए फाइट होगी।
पिछली भिड़ंत में उन्होंने अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में फ्रांस के फ्लोरियन काउडियर को एक मिनट 45 सेकंड में हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की थी। मुकाबले की तैयारी के लिए संग्राम सिंह ने अपना वजन 87 किलोग्राम से घटाकर 83 किलोग्राम कर लिया है।
उन्होंने बताया कि वह रोजाना करीब 100 मसल्स-अप करने के साथ जम्पिंग जैक और अन्य फिटनेस अभ्यास कर रहे हैं। इस बार उन्होंने अपनी तैयारी का अधिकांश हिस्सा दिल्ली के लोदी गार्डन में पहलवानों और मुक्केबाजों के साथ अभ्यास करते हुए पूरा किया है।
खबरें और भी
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के उप-महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव ने नई दिल्ली के नेहरू स्टेडियम में संग्राम सिंह को आगामी मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पेरिस पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता नवदीप सिंह भी मौजूद रहे।