रोहतक में पत्नी की हत्या कर कार में छिपा दिया शव, ठिकाने लगाने से पहले पुलिस ने दबोचा
आईएमटी थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी तमन्ना की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को कार में छिपाकर सोनीपत ले गया।

पति ने चुन्नी से गला घोंटकर की पत्नी की हत्या, कट्टे में डालकर कार में छिपाया शव।
HighLights
पति ने चुन्नी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या की
शव को कट्टे में डालकर कार में छिपाया गया
पुलिस ने सोनीपत से आरोपित को हिरासत में लिया
जागरण संवाददाता, रोहतक। आईएमटी थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपित पोलंगी गांव से पत्नी को कार में बैठाकर ले गया और इसके बाद खेतों में नजदीक जम्मू कटरा एक्सप्रेस हाइवे के पास उसकी जान ले ली। फिलहाल, महिला का शव उसके पति की कार से बरामद हुआ है।
आरोपित हत्या करने के बाद घबरा गया और शव को कट्टे में डालकर गाड़ी में रखकर अपने सोनीपत स्थित घर पर ले गया। जब तक वह शव को ठिकाने लगाता। तब तक पुलिस मौके पर पहुंच गई। दरअसल, बहादुरगढ़ के परनाला गांव निवासी विकास ने पुलिस को शिकायत दी है।
इसमें उन्होंने बताया कि उनकी बेटी तमन्ना ने अपनी मर्जी से सोनीपत के फरमाना निवासी हरविंद्र उर्फ रिंकू के साथ साल 2021 में शादी की थी। तमन्ना और हरविन्द्र की शादी उनकी साली मीनू ने करवाई थी। तमन्ना के एक चार साल का बेटा और एक दो साल की बेटी है। शादी के तीन साल बाद दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई। जिसके चलते वह तमन्ना रोहतक में आकर रहने लगी।
इसी बीच उनके बेटे अभिजीत के पास 13 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे सोनीपत पुलिस का फोन आया और बताया कि आपकी बहन को आपके जीजा ने मार डाला है और लाश को गाड़ी में डाल रखा है। यह कार फरमाना में खड़ी है। इसके बाद वह आईएमटी थाने में पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहन की शादी के बाद टूट गया था परिवार से नाता
पोस्टमार्टम हाउस में खड़े भाई अभिजीत ने बताया कि जब उसकी बहन ने शादी की थी। तब से ही उसका परिवार से कोई मतलब नहीं था। हालांकि, बीच-बीच में उसके पति और बहन के फोन आते थे। जिसमें दोनों के बीच झगड़ा होने का पता चलता था। उसने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर उससे शादी की थी। इसके बाद से हम लोग उससे बात नहीं करते थे। हमें यह भी नहीं पता कि वह रोहतक में कहां रहती थी। पुलिस का फोन आया तो उसके मर्डर के बारे में पता चला।
डेढ़ साल से पति से अलग रह रही थी तमन्ना
पुलिस की जांच में सामने आया है कि तमन्ना पिछले डेढ़ साल से अपने पति हरविंद्र उर्फ रिंकू से अलग रहती थी। उसके दोनों बच्चे अपने दादा-दादी के साथ रह रहे थे। वह अकेली ही रोहतक में रह रही थी। इसकी जानकारी उसके पति को भी नहीं है कि वह रोहतक में कहां रहती थी।
दोनों बच्चों से मिलना चाहती थी तमन्ना
पुलिस के मुताबिक, तमन्ना अपने दोनों बच्चों से मिलना चाहती थी। इसके चलते उसने हरविंद्र को फोन कर बुलाया था। हालांकि, आरोपित अपनी बहन के घर गया था और वह बच्चों को लेकर नहीं आया। उसने तमन्ना से कहा कि गांव जाकर मिल लेना। रास्ते में दोनों का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और आरोपित ने उसकी चुन्नी से गला घोटकर हत्या कर दी।
तमन्ना का नहीं मिला फोन
पुलिस का कहना है कि तमन्ना का फोन पुलिस को नहीं मिला है। फोन बरामद होने के बाद ही पता चल सकेगा कि वह रोहतक में कहां रहती थी और उसके संपर्क में कौन-कौन था। उसने आरोपित को फोन कर कब बुलाया था।
2 से तीन दिन पुराना है शव
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपित ने दो से तीन दिन पहले तमन्ना की हत्या की थी। इसके बाद शव को कट्टे में डालकर रख दिया गया। वहीं शुक्रवार को तमन्ना के शव को पीजीआईएमएस रोहतक में लाया गया, लेकिन यह सोनीपत से बरामद हुआ तो शव को वहां पर ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
आरोपित ने गाड़ी के नंबर प्लेट पर लगाई मिट्टी
तमन्ना के भाई अभिजीत ने बताया कि आरोपित ने गाड़ी के नंबर प्लेट को मिट्टी लगाकर ढ़क दिया। ताकि, उसकी गाड़ी की पहचान न हो सके। लेकिन जैसे ही पुलिस को मर्डर की सूचना मिली। पुलिस आरोपित के घर पहुंच गई और शव को बरामद कर लिया। इसके साथ ही आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों के बीच विवाद था और महिला अपने पति से अलग रह रही थी। फिलहाल, जांच जारी है। - अश्वनी कुमार, थाना प्रभारी, आईएमटी थाना
