विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिरसा अदालत में पेशी के दौरान आरोपी ने किया भागने का प्रयास, पुलिस कर्मचारियों ने वकीलों के चैंबर के पास से दबोचा

Published: Thu, 13 Aug 2026 02:26 PM (IST)

सिरसा अदालत में पेशी के दौरान नशा तस्करी का एक आरोपी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में शीशे की खिड़की से कूद गया।

सिरसा अदालत में पेशी के दौरान आरोपी ने किया भागने का प्रयास (फाइल फोटो)

सिरसा अदालत में पेशी के दौरान आरोपी ने किया भागने का प्रयास (फाइल फोटो)


HighLights

  1. आरोपी दीपक मातो ने सिरसा अदालत से भागने का प्रयास किया।

  2. वह अदालत की पहली मंजिल की शीशे की खिड़की से कूद गया।

  3. पुलिस ने तुरंत पीछा कर उसे वकीलों के चैंबर के पास पकड़ा।

जागरण संवाददाता, सिरसा। शहर की अदालत में बुधवार को नशा तस्करी के मामले में पेशी के लिए लाया गया एक आरोपित पुलिस हिरासत से भाग निकला। आरोपित ने अदालत के प्रथम तल की गैलरी में लगी शीशे की खिड़की को टक्कर मारकर छलांग लगा दी।

पुलिस कर्मचारियों ने पीछा कर उसे वकीलों के चैंबर के पास से काबू कर लिया। आरोपित के खिलाफ सिविल लाइन थाना में अलग से मामला दर्ज किया गया है।

सब्जी मंडी चौकी में तैनात एएसआइ प्रवीन कुमार ने हुड्डा चौकी प्रभारी को दी शिकायत में बताया कि बुधवार करीब साढ़े तीन बजे नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार बिहार के पुर्निया जिला अधीन विजय नगर हाल गली नं. एक, चण्डिगढ़िया मोहल्ला निवासी आरोपित दीपक मातो उर्फ नन्दू को अदालत में पेश करने के लिए लेकर पहुंचे थे। आरोपित के खिलाफ थाना शहर सिरसा में 11 अगस्त को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिसकर्मी आरोपित को सीजेएम अदालत में पेश कर मुकदमे में बरामद नशीले पदार्थ की इन्वेंट्री करवाने की प्रक्रिया में थे। इसी दौरान अदालत के गेट के पास आरोपित ने पुलिसकर्मी का हाथ झटका और अचानक भागने लगा। वह अदालत की प्रथम मंजिल की गैलरी में पहुंचा और वहां लगी शीशे की खिड़की से टकराकर छलांग लगा दी।

पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत उसका पीछा किया और वकीलों के चैंबर के पास से आरोपित को काबू कर लिया। इसके बाद उसे दोबारा अदालत में पेश किया गया।

अदालत के आदेशानुसार इन्वेंट्री की कार्रवाई पूरी करवाई गई। इसके बाद आरोपित का मेडिकल परीक्षण करवाकर उसे जिला जेल सिरसा भेज दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित दीपक मातो उर्फ नन्दू के खिलाफ पुलिस हिरासत से भागने के आरोप में मामला दर्ज किया है।