विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sirsa News: गर्मियों के लिए बिजली विभाग ने शुरू की तैयारियां, बदले जाएंगे 1000 से अधिक ट्रांसफार्मर

By sudhir arya Edited By: Deepak Saxena
Published: Sat, 13 Jan 2024 08:16 PM (IST)

गर्मियों में ज्यादा लोड बढ़ने के कारण जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर सिरसा जिले ...और पढ़ें

गर्मियों के लिए बिजली विभाग ने शुरू की तैयारियां।
गर्मियों के लिए बिजली विभाग ने शुरू की तैयारियां।

जागरण संवाददाता, सिरसा। जिले में हर साल गर्मियों में बिजली के लंबे कट लगने से जिलावासियों को परेशान होना पड़ता है। लोड बढ़ने के बाद पुराने और कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर जवाब देना शुरू कर देते है। ऐसे में बिजली निगम ने गर्मियों से पहले ही व्यवस्था में सुधार करने की तैयारी शुरू कर दी है।

निगम की ओर से जिलेभर में एक हजार के करीब ट्रांसफार्मरों को बदलने की तैयारी की गई है। कम क्षमता और पुराने ट्रांसफार्मरों की जगह नए व अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे। इसके लिए निगम ने सभी सब डिविजनों से सूची मांगी है।

ट्रांसफार्मरों पर बढ़ जाता है लोड

गर्मियों के समय में जिले में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से पार पहुंच जाता है, जिसके कारण एसी और कूलरों का लोग सहारा लेकर राहत पाते है। अप्रैल माह में ही हर रोज साढ़े 39 लाख यूनिट के करीब खपत होना शुरू हो जाती है। जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मर जवाब देना शुरू कर देते है।

निगम अधिकारी इस समस्या को हल करने के लिए अस्थाई अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने को मजबूर होते है। जिसके कारण अब बिजली निगम ने अधिक लोड वाले स्थानों पर पहले ही अधिक पावर वाले ट्रांसफार्मर लगाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।

ओवरलोड की समस्या से मिलेगी राहत

निगम अधिकारियों ने सब डिविजन और डिविजन अधिकारियों से ओवरलोड वाले प्वाइंटों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए है। हालांकि अभी जिले में एक हजार के करीब ट्रांसफार्मरों को बदलने को लेकर अनुमान लगाया जा रहा है। जिससे ओवरलोड की समस्या से बिजली निगम और कटों की समस्या से जिला वासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

फाल्ट होने पर शिकायतों की लगती है कार्यालय में झड़ी

बता दें कि दोपहर व रात के समय लोड अधिक होने के कारण ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ने, तारे टूटने, ट्रांसफार्मर में खराबी आने और मुख्य बिजली घर के ट्रांसफार्मरों में दो गुणा तक लोड बढ़ने की समस्या बन जाती है। बत्ती गुल होने के बाद बिजली निगम के सुविधा केंद्रों में भी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाती है, जिससे शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान किया जा सके।

रात के समय भी बिजली निगम के कर्मचारी समस्या को हल करने के लिए एक जगह से दूसरी जगह पर भटकते रहते है। बिजली निगम में स्थित सुविधा केंद्र में 12 घंटे के दौरान ही 500 से 700 तक शिकायतें आती है।

ये भी पढ़ें: Haryana: सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर राज्य के सभी थाने-चौकियों में लगाए गए CCTV कैमरे, एसपी-आईजी रखेंगे हर गतिविधि पर नजर

शहर में बीते वर्ष बदले थे 20 से अधिक ट्रांसफार्मर, बढ़ाया था लोड

शहरी क्षेत्र में बिजली की खपत बढ़ने के कारण फाल्ट आते है। बिजली निगम की ओर से बीते वर्ष ही गर्मी के सीजन में 20 से अधिक ट्रांसफार्मरों का लोड बढ़ाया गया था। निगम की ओर से 100 किलोवाट के ट्रांसफार्मरों की जगह 200 किलोवाट के ट्रांसफार्मर लगाए गए थे। इसके साथ ही निगम की ओर से 33केवीए, 120केवीए सहित अन्य बड़े स्टेशनों की मरम्मत करने का काम भी किया गया था ।

बिजली निगम सिरसा के एसई आरके सभ्रवाल ने कहा कि गर्मी में ओवरलोड की समस्या का समाधान करने के लिए ट्रांसफार्मरों में बदलाव किया जाना है। जिसके लिए सभी सब डिविजन से पुराने व ओवरलोड वाले स्थानों की सूची मांगी गई है। कई नए प्वाइंटों पर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे तो कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे। जिले में करीब एक हजार ट्रांसफार्मरों को बदलने का अनुमान लगाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: 'बिना चिकित्सक पर्चे के न दें प्रतिबंधित दवाएं', नशा मुक्त अभियान के तहत DGP शत्रुजीत कपूर ने मेडिकल संचालकों को दिए ये निर्देश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।