विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में डेढ़ साल से जमीन की फाइल अटका कर सनद के लिए मांगे 25 हजार, रिश्वत लेते पकड़ा गया हलका गिरदावर

Published: Tue, 08 Sep 2026 08:04 PM (IST)

सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो ने हलका गिरदावर राजेश मलिक को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार ...और पढ़ें

एसीबी की टीम ने आरोपित को रंगे हाथ पकड़ा है।

एसीबी की टीम ने आरोपित को रंगे हाथ पकड़ा है।

HighLights

  1. हलका गिरदावर राजेश मलिक रिश्वत लेते गिरफ्तार।

  2. सनद तकसीम के लिए 25 हजार रुपये मांगे थे।

  3. एंटी करप्शन ब्यूरो ने रंगे हाथ पकड़ा।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। एंटी करप्शन ब्यूरो की सोनीपत टीम ने मंगलवार को हलका गिरदावर को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपित राजेश मलिक राई उपतहसील के एक व्यक्ति से सनद तकसीम कराने की एवज में 25 हजार रुपये ले रहा था।

एसीबी की टीम ने आरोपित को रंगे हाथ पकड़ा है। सनद तकसीम का यह मामला करीब डेढ़ साल से लंबित था, इस दौरान कई गिरदावर बदल चुके थे, लेकिन जमीन पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई नहीं की जा रही थी। एसीबी ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

कार्रवाई को जानबूझकर लटकाने का आरोप

एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम को शिकायत मिली थी कि गांव पबसरा की जमीन के एक मामले में सनद तकसीम की कार्रवाई को जानबूझकर लटकाया जा रहा है। गन्नौर तहसील से बदलकर आए हलका गिरदावर राजेश मलिक के पास सोनीपत और राई का अतिरिक्त कार्यभार था।

पबसरा के ग्रामीण ने जमीन की तकसीम के बाद सनद तकसीम के लिए राजेश मलिक से संपर्क किया तो उसने इसकी एवज में 25 हजार रुपये मांगे। रुपये लेने के लिए शाम पांच बजे पुरानी तहसील में बुलाया गया। मंगलवार को जैसे ही पीड़ित ने आरोपित को रुपये दिए, एसीबी की टीम ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टाॅलरेंस : डाॅ. चावला

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक डा. एएस चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में ब्यूरो की जीरो टालरेंस की नीति है। भ्रष्टाचार में संलिप्त कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कानून से ऊपर नहीं है और उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी अथवा कर्मचारी सरकारी कार्य करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा 1064 पर दें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ब्यूरो का अभियान लगातार जारी रहेगा।