Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    महज 5 रुपये में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सवारी, जानें जींद-सोनीपत रूट का पूरा टाइमटेबल और किराया

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 02:00 AM (GMT+05:30)

    भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन 17 जुलाई से जींद-सोनीपत रेलखंड पर शुरू होगी, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह ट्रेन पर्यावरण के अनुकूल ...और पढ़ें

    जींद-सोनीपत हाइड्रोजन ट्रेन का किराया और टाइमटेबल।

    जींद-सोनीपत हाइड्रोजन ट्रेन का किराया और टाइमटेबल।

    HighLights

    1. देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन 17 जुलाई से जींद-सोनीपत पर।

    2. किराया 5 से 25 रुपये, पैसेंजर ट्रेनों के समान।

    3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से करेंगे ट्रेन का उद्घाटन।

    जागरण संवाददाता, गोहाना। जींद-सोनीपत रेलखंड पर 17 जुलाई से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू होने जा रहा है। इस ट्रेन में जींद से सोनीपत तक का सफर महज पांच से 25 रुपये में किया जा सकेगा।

    रेलवे ने किराया पूर्व में इस रूट पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों के बराबर ही रखा है, ताकि आम यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। बुधवार शाम को डीआरएम पुष्पेंद्र रमण त्रिपाठी ने जींद, गोहाना व सोनीपत तक विशेष ट्रेन से सफर करके तैयारी का जायजा लिया।

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को जींद से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन के दिन ट्रेन में जींद से सोनीपत के बीच पड़ने वाले पांच रेलवे स्टेशनों से 1000 विद्यार्थी यात्रा करेंगे। ये विद्यार्थी जींद के पांडु पिंडारा, सोनीपत के गोहाना, लाठ, मोहाना और सोनीपत से सवार होंगे।

    पहले दिन ट्रेन के दो कोच रेलवे अधिकारियों और विशेष अतिथियों के लिए आरक्षित रहेंगे। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के अनुसार उद्घाटन के दिन ट्रेन लगभग सुबह 10 बजे जींद से रवाना होगी और करीब 11:30 बजे गोहाना पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सोनीपत जाएगी।

    नियमित संचालन में ट्रेन प्रतिदिन सुबह 7:40 बजे जींद से चलेगी और सुबह 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन सुबह 10:30 बजे सोनीपत से रवाना होकर दोपहर एक बजे जींद पहुंचेगी। ट्रेन की गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली यह ट्रेन डीजल ट्रेनों की तुलना में प्रदूषण लगभग समाप्त कर देगी और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम होगा।

    खबरें और भी

    जींद-सोनीपत रेलखंड पर चलने वाली यह ट्रेन देश में हरित परिवहन तकनीक की शुरुआत का प्रतीक बनेगी। सामान्य पैसेंजर ट्रेन के बराबर किराया होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को आधुनिक तकनीक का लाभ कम खर्च में मिलेगा।

    जींद-सोनीपत रूट

    रूट : जींद-गोहाना-सोनीपत
    शुरुआत : 17 जुलाई
    किराया: जींद से सोनीपत पांच से 25 रुपये
    गति : 75 किमी प्रति घंटा

    नियमित समय

    - जींद से 7:40 बजे प्रस्थान, सोनीपत 9:40 बजे पहुंचेगी
    -वापसी में 10:30 बजे सोनीपत से चलेगी और दोपहर एक जींद पहुंचेगी

    जींद रैली में बड़ी संख्या में पहुंचेंगी महिलाएं : चौहान

    समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व प्रदेश चेयरपर्सन सुमित्रा चौहान ने कहा कि जींद रैली में गोहाना से बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी। बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं।

    योजनाओं का लाभ मिलने से महिलाओं में प्रधानमंत्री की रैली को लेकर विशेष उत्साह है। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रीना शर्मा, कार्यक्रम संयोजिका बबीता दहिया, सह संयोजिका अनीता बुद्धवार, सुनीता लोहचब, सोनिया मोर ने कहा कि महिलाओं में रैली को लेकर उत्साह है।

    जींद रैली ऐतिहासिक होगी, जनता में उत्साह : बड़ौली

    भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जींद में रैली को लेकर प्रदेश के लोगों में उत्साह है। बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक के साथ पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हरियाणा से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव रहा है।

    उन्होंने कहा कि जींद से सोनीपत तक प्रस्तावित हाइड्रोजन ट्रेन का विभिन्न स्टेशनों पर सामाजिक संस्थाओं, पंचायत प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों द्वारा स्वागत किया जाएगा। यह परियोजना विकसित हरियाणा से विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

    डीआरएम ने किया स्टेशन का निरीक्षण दिए निर्देश

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर बुधवार शाम 6:50 बजे डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी अधिकारियों के साथ अपने विशेष यान से जींद–गोहाना होते हुए सोनीपत रेलवे जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंचे। डीआरएम ने करीब 20 मिनट तक स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया और हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया।

    निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, प्लेटफार्म व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश एवं निकास मार्ग व अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उचित दिशा निर्देश दिए। उनके साथ रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें- भाप, डीजल और बिजली... अब हरित क्रांति के युग में रेलवे का सफर, भारत की नई विकास सोच का प्रतीक बनेगी हाइड्रोजन ट्रेन