विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हरियाणा वाले ध्यान दें! कल प्रदेश के 49 रूट होंगे प्रभावित, परेशानी से बचने के लिए जरूर पढ़ लें खबर

Published: Wed, 16 Oct 2024 08:38 PM (IST)

Haryana News हरियाणा में कल यानी गुरुवार (17 अक्टूबर) को प्रदेश के 49 रूट प्रभावित रहेंगे। इन रूटों पर बसें ...और पढ़ें

हरियाणा में मुख्यमंत्री कार्यक्रम को लेकर 49 रूट प्रभावित होंगे। फाइल फोटो
हरियाणा में मुख्यमंत्री कार्यक्रम को लेकर 49 रूट प्रभावित होंगे। फाइल फोटो

HighLights

  1. हरियाणा में 17 अक्टूबर को सीएम पद का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
  2. शपथ ग्रहण समारोह के चलते प्रदेश के 49 रूट प्रभावित होंगे।
  3. शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए रोडवेज बसों को लगाया गया है।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। भाजपा तीसरी बार सरकार बना रही है। मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण कार्यक्रम 17 अक्टूबर को पंचकूला में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से लोगों को लेकर जाने के लिए रोडवेज बसों को लगाया गया है।

बताया गया कि जिले से 125 बसें पंचकूला जाएंगी। ये बसें बस अड्डा से सुबह चार बजे ही रवाना हो जाएगी। इसके लिए रोडवेज अधिकारियों ने सभी चालक व परिचालकों के अवकाश भी रद्द  कर दिए हैं, जिससे डिपो की सभी बसों को चलाया जा सके।

वहीं, पंचकूला में राेडवेज बसों के जाने पर बृहस्पतिवार को लोकल, अंतर जिला और प्रदेश के रूट प्रभावित होंगे। इससे दैनिक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

पढ़िए मुख्य बातें-

  • 197 बसों का है सोनीपत में बसों का बेड़ा
  • 248 परिचालक कार्यरत है सोनीपत और गोहाना डिपो में
  • 189 चालक कार्यरत है सोनीपत व गोहाना डिपो में
  • 30 रूट सोनीपत डिपो और 19 रूट गोहाना डिपो के प्रभावित होंगे
  • 20 बसें एक विधानसभा में भेजी जाएगी

निदेशालय राज्य परिवहन की तरफ से सभी महाप्रबंधक के साथ पत्र व्यवहार किया गया है, जिसके अनुसार शपथ ग्रहण समारोह में लोगाें को लेकर जाने के लिए प्रदेश भर में 2015 बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में छह विधानसभा क्षेत्र हैं। प्रत्येक विधानसभा में 20 बसें भेजने की व्यवस्था डिपो की तरफ से की गई है।

इस हिसाब से 120 बसों को विधानसभा क्षेत्रों में भेजा जाएगा। डिपो की तरफ से पांच बसें आरक्षित रखी जाएगी। यदि कोई बस खराब होती है तो उस स्थिति में लोगों के लिए दूसरी बस भेजी जा सके। डिपो से सुबह चार बजे विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना कर दी जाएगी। जिस चालक व परिचालक की ड्यूटी बस पर लगाई गई है, उन्हें सुबह चार बजे से पहले ही डिपो पर पहुंचने के निर्देश दिए है। चालक व परिचालक को किस स्थान पर जाना है, उसके बारे भी बता दिया गया है। जिससे हलके के लाेग सीएम शपथ ग्रहण के गवाह बन सके।

बसों के चक्कर कम होने से यात्रियों को होगी परेशानी

सोनीपत और गोहाना डिपो में 197 बसें हैं। इनमें सोनीपत डिपो में 127 और गोहाना सब डिपो में 70 बसें हैं। डिपो में 189 चालक और 248 परिचालक कार्यरत हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए डिपो की तरफ से लोकल रूट भी बनाए हुए हैं। 197 बसों में 125 बसें पंचकूला के आरक्षित किए जाने के कारण यात्रियों के लिए केवल 72 बसें ही रह जाएगी।

सोनीपत डिपो के करीब 30 रूट हैं और गोहाना डिपो के करीब 19 रूट हैं। डिपो में बसों की संख्या कम होने के कारण ये रूट भी प्रभावित होंगे। कई रूटों पर बस सेवाएं बंद रहेगी तो कुछ रूटों पर बसों के चक्कर बहुत ही कम हो जाएंगे। हालांकि, डिपो अधिकारियों का कहना है कि सभी रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा। जिससे यात्रियों को परेशानी नहीं झेलनी पड़े।

पंचकूला के लिए 125 बसों को भेजा जाएगा। बसों के संचालन के लिए चालक व परिचालकों की ड्यूटी लगा दी गई है। सुबह चार बजे बसें डिपो से रवाना हो जाएगा। इसलिए चालक व परिचालक को समय पर डिपो पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। - कर्मबीर गहलावत, डीआई, सोनीपत डिपो

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।