विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Baroda Vidhan Sabha Result: बड़ोदा में कांग्रेस की बड़ी मशक्कत के बाद बची लाज, जिले की छह में सिर्फ एक सीट पर मिली जीत

Published: Tue, 08 Oct 2024 10:51 PM (GMT+05:30)

Baroda Assembly Election Result 2024 बड़ोदा विधानसभा चुनाव परिणाम 2024 में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज ...और पढ़ें

विजयी चिन्ह बनाए हुए कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल और साथ में बैठे भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सांगवान।
विजयी चिन्ह बनाए हुए कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल और साथ में बैठे भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सांगवान।

यजुवेंद्र मेहरा, सोनीपत। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के गढ़ कहे जाने वाले सोनीपत जिले में केवल बड़ोदा विधानसभा क्षेत्र ही कांग्रेस कड़ी मशक्कत के बाद जीत दर्ज कर पाई। इस सीट पर कांग्रेस लगातार पांचवीं बार और विधायक इंदुराज नरवाल ने दूसरी बार जीत दर्ज की है।

भूपेंद्र हुड्डा का बड़ोदा विधानसभा क्षेत्र पर प्रभाव है, इसका सीधा लाभ कांग्रेस प्रत्याशी को मिला है। दूसरे स्थान पर कांग्रेस की टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे डॉ. कपूर सिंह नरवाल रहे।

वहीं, भाजपा ने बड़ोदा में पहली बार कमल खिलाने के लिए पूर्व सांसद किशन सिंह सांगवान के पुत्र प्रदीप सांगवान को चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन वे भी चुनाव में करिश्मा नहीं कर पाए। सांगवान तीसरे स्थान पर रहे। बड़ोदा विधानसभा क्षेत्र जाट बहुल है और रोहतक जिला से भी सटा हुआ है। इसलिए इस विधानसभा क्षेत्र पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का प्रभाव है।

इस सीट पर जीत दर्ज करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने एक बार और सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने दो बार विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया था। उन्होंने क्षेत्र के बड़े गांवों में जनसभाएं की थी। कांग्रेस प्रत्यशी ने स्थानीय मुद्दों पर चुनाव लड़ा। जिनमें खेतों में बरसाती पानी निकासी, ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल समस्या, गांवों में पानी निकासी, उच्च शिक्षा और परिवहन व्यवस्था, युवाओं को रोजगार सहित शामिल रहे।

बड़ोदा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का मुकाबला निर्दलीय प्रत्याशी डॉ.कपूर नरवाल के साथ हुआ। डॉ. नरवाल कांग्रेस की टिकट मांग रहे थे। टिकट नहीं मिलने वे भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन वहां पर भी उन्हें टिकट नहीं मिला। इस पर वे निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में चुनाव मैदान में उतर गए थे।

बड़ोदा सीट पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कांग्रेस प्रत्याशी को 54562 मत मिले और निर्दलीय प्रत्याशी को 48820 वोट मिले। वहीं, भाजपा प्रत्याशी को 22584 वोट मिले। कड़े मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल ने 5642 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

चार राउंड में जीतकर भी पीछे रहे डॉ. कपूर

बड़ोदा विधानसभा क्षेत्र की गिनती 16 राउंड में कराई गई। कांग्रेस प्रत्याशी ने पहले ही राउंड से बढ़त बनाई। जो अंत तक वे बढ़त बनाए रखे। कांग्रेस प्रत्याशी 12 राउंड में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ.कपूर नरवाल से अधिक वोट प्राप्त किए। डॉ.कपूर ने केवल चार राउंड में ही कांग्रेस प्रत्याशी से अधिक वोट प्राप्त कर पाए। राउंड नंबर चार में 911 वोट, 10 में 1627 वोट, 11 में 3612 वोट और 12 में 816 वोट अधिक प्राप्त किए हैं। इससे कांग्रेस प्रत्याशी की बढ़त का अंतर कम हुआ, लेकिन एक बार भी कांग्रेस प्रत्याशी पीछे नहीं हुए। अंत तक कांग्रेस प्रत्याशी बढ़त बनाए रहे।

उपचुनाव में इंदुराज ने पहली बार बड़ोदा में दर्ज की थी जीत

बड़ोदा विधानसभा क्षेत्र वर्ष 2005 तक एससी वर्ग के लिए आरक्षित थी। परिसीमन के बाद 2009 में यह सीट ओपन हुई थी। जिसके बाद लगातार कांग्रेस जीत दर्ज करती आ रही है। 2009, 2014 और 2019 में श्रीकृष्ण हुड्डा ने जीत दर्ज की थी। 2020 में श्रीकृष्ण हुड्डा का निधन होने के कारण बड़ोदा में उपचुनाव हुए थे। उपचुनाव में कांग्रेस ने इंदुराज नरवाल को प्रत्याशी बनाया था। नरवाल उपचुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इस बार कांग्रेस ने इंदुराज नरवाल को ही प्रत्याशी बनाया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।