सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपित के साथी पर शिकंजा, सोनीपत में 255 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी प्रियव्रत उर्फ फौजी के साथी मंजीत को सोनीपत के खरखौदा में 255 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है।

बरामद हेरोइन की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। मौके से दो इलेक्ट्रिक कांटे भी बरामद हुए हैं।
HighLights
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी का साथी गिरफ्तार।
सोनीपत में 255 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया।
जमानत पर बाहर आकर फिर आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय।
जागरण संवाददाता, खरखौदा (सोनीपत)। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपित और गांव गढ़ी सिसाना निवासी प्रियव्रत उर्फ फौजी के साथी रहे मंजीत ने जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से आपराधिक गतिविधियों का रास्ता पकड़ लिया।
सीआईए खरखौदा की टीम ने गांव गढ़ी सिसाना निवासी मंजीत को नशीले पदार्थ के मामले में काबू किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खेत में बने कोठड़े से 255 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। बरामद हेरोइन की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। मौके से दो इलेक्ट्रिक कांटे भी बरामद हुए हैं।
कोठड़े की तलाशी ली गई
पुलिस के अनुसार मंजीत को इससे पहले अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले की जांच के दौरान उसने अपने खेत में बने कोठड़े में नशीला पदार्थ रखे होने की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद सीआईए खरखौदा की टीम उसे साथ लेकर गढ़ी सिसाना स्थित खेत में पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कोठड़े की तलाशी ली गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
तलाशी के दौरान मंजीत ने कोठड़े के एक कोने में रखी ईंट हटाकर सफेद प्लास्टिक की पन्नी में रखा पदार्थ पुलिस के सामने पेश किया। पन्नी की जांच करने पर उसमें हेरोइन मिली। इलेक्ट्रिक कांटे से वजन करने पर नशीले पदार्थ की मात्रा 255 ग्राम पाई गई। पुलिस ने हेरोइन को पैक कर सील करते हुए कब्जे में ले लिया। मामले में आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
मुठभेड़ के बाद हुआ था गिरफ्तार
पुलिस कार्रवाई से जुड़े सूत्रों के अनुसार मंजीत कुख्यात गैंगस्टर प्रियव्रत उर्फ फौजी का साथी रहा है। प्रियव्रत उर्फ फौजी सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में आरोपित है। मंजीत और उसके दो अन्य साथियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी, जिसमें उनके पैर में गोली लगने के बाद उन्हें काबू किया गया था। उस मामले में गिरफ्तारी के बाद मंजीत जमानत पर जेल से बाहर आया था।
अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही
जमानत पर आने के बाद उसके दोबारा आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय होने की सूचना पुलिस को मिली थी। अब खेत के कोठड़े से 255 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद सीआईए की कार्रवाई ने उसके नशे के कारोबार से जुड़े होने का खुलासा किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
